-महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त ने वार्ड स्तर पर शताब्दी संकल्प कार्यक्रम की साझा कि रूपरेखा
-जल एवं वायु संकट से निपटने के लिए विशेष पहल की घोषणा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित रामलीला मैदान के जानकी भवन सभागार में गाजियाबाद नगर निगम द्वारा शताब्दी संकल्प वर्ष-2047 का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त ने शहर के समग्र विकास, पर्यावरण संरक्षण, जल एवं वायु संकट समाधान तथा नागरिकों की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। महापौर ने उपस्थित नागरिकों, पार्षदों और अधिकारियों से अपील की कि विकसित गाजियाबाद के निर्माण में हर वर्ग एकजुट होकर योगदान दे। महापौर ने घोषणा की कि शहर के सभी 100 वार्डों में शताब्दी संकल्प एट 2047 के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम पारदर्शिता, नागरिक सहभागिता और नवाचार के माध्यम से शहर को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
नगर आयुक्त ने शहर के विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इसमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, मियावाकी पद्धति से पौधारोपण, मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सीनियर सिटीजन केयर सेंटर, एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर, डिजिटल लाइब्रेरी, जल संरक्षण, बायोडायवर्सिटी पार्क, उपवन योजना, सीएम ग्रिड, ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज में गाय के गोबर से पेंट बनाने, ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड के अंतर्गत औद्योगिक इकाइयों को जल उपलब्ध कराने के टर्शियरी प्लांट की शुरुआत, बायो सीएनजी, कार्बन क्रेडिट योजना, तालाबों का जीर्णोद्धार, स्वच्छ मोहल्ला स्क्वायड, रिड्यूस-रीयूज-रीसाइकिल सेंटर, इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, और व्हीकल ट्रैकिंग मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी योजनाओं का समावेश है।
महापौर ने कहा कि इन पहलों से न केवल शहर का समग्र विकास होगा, बल्कि गाजियाबाद पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर भी बनेगा। उन्होंने शहर को धूल मुक्त और प्लास्टिक मुक्त बनाने के प्रयासों पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों, शिक्षा जगत, खेल एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञों ने नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों पर अपने सुझाव दिए। कार्यक्रम में पार्षद प्रवीण चौधरी, पार्षद संजय सिंह, डॉ. आरती बंसल, लोहा मंडी के अध्यक्ष अतुल जैन, खेल एवं स्वास्थ्य जगत से डॉ. ऋचा सूद, बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया एसोसिएशन से संजीव सचदेवा, एडवोकेट संजीव त्यागी, डॉ. विपिन प्रधानाचार्य सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय, रालोद नेता इंद्रजीत सिंह टीटू, पार्षद गौरव सोलंकी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नगर आयुक्त ने शताब्दी संकल्प-2047 कार्यक्रम के दौरान कहा कि गाजियाबाद नगर निगम वर्ष-2047 तक शहर को पूरी तरह आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लिए समग्र योजनाओं को लागू कर रहा है। हम न केवल बुनियादी सुविधाओं जैसे जल, वायु और सफाई पर ध्यान दे रहे हैं, बल्कि शहर में आधुनिक तकनीक और स्मार्ट सिटी मॉडल के माध्यम से विकास को गति दे रहे हैं। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, मियावाकी पौधारोपण, मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, डिजिटल लाइब्रेरी, बायोडायवर्सिटी पार्क और अन्य नवाचारों के जरिए हम गाजियाबाद को हर क्षेत्र में विकसित कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि नागरिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधि इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें। उनके सुझावों और सहयोग से ही गाजियाबाद का विकास स्थायी और सर्वांगीण होगा। शताब्दी संकल्प-2047 का उद्देश्य सिर्फ योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि हर नागरिक को इसके साथ जोडऩा और उन्हें आत्मनिर्भर गाजियाबाद की दिशा में प्रेरित करना है।
महापौर ने सभी उपस्थित नागरिकों और पार्षदों को विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित गाजियाबाद-2047 के पर्व, समृद्धि का शताब्दी पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नगर निगम पार्षदों और क्षेत्रीय निवासियों के साथ मिलकर हर वर्ग के विकास और शहर के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में काम करेगा। कार्यक्रम में जल संकट और प्रदूषण नियंत्रण की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। महापौर और नगर आयुक्त ने तालाबों के जीर्णोद्धार, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वायु गुणवत्ता सुधार, लगातार पानी का छिड़काव, और व्यापक पौधारोपण योजनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष-2047 तक गाजियाबाद नगर निगम पूर्ण रूप से समृद्ध और आत्मनिर्भर शहर के रूप में विकसित होगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के सुझाव लेने के लिए क्यूआर कोड की व्यवस्था भी की गई, ताकि हर नागरिक अपनी राय साझा कर सके। इस भव्य आयोजन में पार्षद, नगर निगम अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने शताब्दी संकल्प-2047 की दिशा में नगर निगम को अपने सहयोग का आश्वासन दिया।

















