-दीपावली से पहले अंधेरे को उजाले में बदलने की पहल, हाइमास्ट लाइट का हुआ लोकार्पण
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी वार्ड 72 की पार्षद कुसुम मनोज गोयल के अथक प्रयासों से वैशाली सेक्टर-1 स्थित नेस्कॉर्ट्स लाइन के बीच बने दो पार्कों के मध्य हाईमास्ट लाइट का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही प्रकाश की समस्या का समाधान दीपावली से पूर्व होने पर स्थानीय नागरिकों में हर्ष की लहर देखी गई। हाईमास्ट लाइट का लोकार्पण समाजसेवी के. एल. शर्मा एवं डॉ. वीरेश गर्ग द्वारा नारियल फोड़कर किया गया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनोज गोयल द्वारा क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा के लिए निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं और वैशाली को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक स्वच्छ एवं सुरक्षित क्षेत्र बनाने का लक्ष्य पार्षद कुसुम गोयल द्वारा सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया जा रहा है। डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि यह स्थान पूर्व में अंधकारमय था, जिससे स्थानीय निवासियों को असुविधा होती थी। अब दीपावली से पहले अंधकार को दूर कर इस क्षेत्र को प्रकाशमय बनाया गया है।
यह केवल एक लाइट नहीं, बल्कि विकास की दिशा में उठाया गया एक उज्ज्वल कदम है। उन्होंने आगे कहा कि पार्षद कुसुम मनोज गोयल द्वारा क्षेत्र में सड़क, पार्क, पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस कार्य में आवश्यक सहयोग और स्वीकृति प्रदान की। स्थानीय निवासियों ने भी पार्षद के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि अब पार्कों के बीच बना यह क्षेत्र पूरी तरह से रोशन हो गया है, जिससे लोगों को रात्रि में टहलने और बच्चों के खेलने में कोई कठिनाई नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यह कार्य दीपावली से पहले क्षेत्रवासियों के लिए एक उपहार के समान है।
इस अवसर पर एस. एल. मिश्रा, भोला सिंह, राजीव पांडे, कमल किशोर, संजू, गौरव गर्ग, भाजपा नेता अवधेश कटिहार, बृज किशोर, यतेश शर्मा, जुगेश, सुभाष जैन, राजीव शर्मा एवं सौरव कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से विकास कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पार्षद कुसुम मनोज गोयल द्वारा क्षेत्र के हर हिस्से में सौंदर्यीकरण एवं जनसुविधा के कार्य निरंतर गति से किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि वैशाली क्षेत्र में पारदर्शी और जनसहभागिता पर आधारित विकास कार्य ही पार्षद कुसुम गोयल की पहचान बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले यह प्रकाश व्यवस्था क्षेत्र में सुरक्षा, सुंदरता और विश्वास का प्रतीक बनेगी।
















