दीपावली की जगमगाहट से रौशन हुआ शहर, नगर निगम ने किया भव्य प्रकाश और सजावट का आयोजन

-मुख्य चौराहों और मार्गों पर रंग-बिरंगी लाइटों का आकर्षक डेकोरेशन, एलईडी पिक्सल लड़ी से नगर निगम मुख्यालय बना दर्शनीय केंद्र; नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने व्यापारियों के सहयोग की की सराहना

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दीपावली महापर्व के अवसर पर गाजियाबाद नगर निगम ने शहर को चमकदार और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक प्रकाश और सजावट का आयोजन किया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और महापौर सुनीता दयाल के निर्देशानुसार नगर निगम का प्रकाश विभाग पूरे शहर में रंग-बिरंगी लाइटों से मुख्य चौराहों, मार्गों और प्रमुख स्थलों को सजाने में जुटा रहा।
नगर निगम मुख्यालय पर पहली बार एलईडी पिक्सल की प्रोग्रामिंग वाली लड़ी लगाई गई, जिसने मुख्यालय को एक आकर्षक दृश्य प्रदान किया। बिजली की कम खपत वाली इस तकनीक ने न केवल ऊर्जा संरक्षण किया, बल्कि इसे दर्शनीय भी बनाया। मुख्यालय पर लगाई गई यह लड़ी स्थानीय लोगों और आगंतुकों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। नगर आयुक्त के अनुसार, कलेक्ट्रेट रोड, हापुर चुंगी चौराहा, ठाकुरद्वारा रोड, अंबेडकर रोड, मोहन नगर एलिवेटेड रोड, वसुंधरा रोड, पुराना बस अड्डा चौक और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी रंग-बिरंगी लाइटें लगाई गई हैं। नेहरू नगर चौक, महावीर चौक, दुर्गा भाभी चौक और शहीद स्थल सहित शहर के ऐतिहासिक स्थलों जैसे डासना गेट, दिल्ली गेट, जवाहर गेट और सिहानी गेट को भी आकर्षक लाइटों से सजाया गया।

प्रभारी प्रकाश विभाग के अधिकारी आश कुमार ने बताया कि कलेक्ट्रेट मुख्य मार्ग पर रुश्वष्ठ लाइट का भव्य द्वार बनाया गया है, जो राहगीरों और आगंतुकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बन गया है। लोग यहां सेल्फी लेते नजर आए और नगर निगम द्वारा की गई सजावट की खुले तौर पर प्रशंसा कर रहे हैं। नगर निगम ने ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में भी रंग-बिरंगी लड़ी लगाकर शहर की सुंदरता और दीपावली की रोशनी को और बढ़ाया। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा नाइट स्वीपिंग को सक्रिय किया गया और प्रमुख बाजारों की साफ-सफाई का कार्य बढ़ाए गए स्तर पर संपन्न कराया गया।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि दीपावली पर शहर की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने में व्यापारियों का सहयोग सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की यह पहल न केवल नागरिकों के लिए एक उत्सवमय वातावरण तैयार करती है बल्कि शहर की सांस्कृतिक और सामाजिक गरिमा को भी उजागर करती है। इस आयोजन के माध्यम से नगर निगम ने गाजियाबाद को दीपावली के अवसर पर एक सुरक्षित, स्वच्छ और आकर्षक शहर बनाने का संदेश दिया। रंग-बिरंगी लाइटों की जगमगाहट और सुंदर डेकोरेशन ने शहरवासियों में उत्सव की भावना को और प्रबल किया। नगर निगम की यह योजना न केवल शहर को रोशन कर रही है बल्कि स्थानीय समुदाय में भी उत्सव के प्रति जागरूकता और भागीदारी को बढ़ावा दे रही है। दीपावली की तैयारियों के इस प्रमुख आयोजन ने यह साबित कर दिया कि गाजियाबाद नगर निगम की सक्रियता, नियोजन और समुदायिक सहयोग से शहर हर पर्व पर सुन्दर और जीवंत बन सकता है।