दिवाली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: एसीपी उपासना पांडेय ने डॉग स्क्वाड के साथ संभाली मोर्चा, सिहानी गेट क्षेत्र में चला विशेष चेकिंग अभियान

-त्योहार की रौनक में खलल डालने वालों पर रहेगी कड़ी नजर, पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और वाहनों की की गहन जांच- नागरिकों से भी जागरूक रहने की अपील

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिवाली का पर्व नजदीक आते ही गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। जिले में कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने और किसी भी आपराधिक गतिविधि पर अंकुश लगाने के लिए रविवार को थाना सिहानी गेट क्षेत्र में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) नंदग्राम उपासना पांडेय के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में डॉग स्क्वायड टीम की सहायता ली गई, जिसने इलाके के संवेदनशील स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।
एसीपी उपासना पांडेय ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पूरे अभियान की निगरानी की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करें और नागरिकों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बस अड्डों, बाजारों, होटलों, पार्किंग स्थलों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर गहन चेकिंग की। वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई और चालकों से आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।

एसीपी पांडेय ने बताया कि दीपावली जैसे बड़े त्योहारों पर जहां बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है, वहीं अपराधी तत्व भी सक्रिय होने की कोशिश करते हैं। ऐसे में पुलिस की जिम्मेदारी दोगुनी हो जाती है। उन्होंने कहा कि दीवाली पर्व के दौरान नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारी टीमें लगातार गश्त कर रही हैं, हर थाने और चौकी स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है। हम चाहते हैं कि लोग निश्चिंत होकर त्योहार मनाएं, लेकिन सतर्क भी रहें। यदि किसी को कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने बताया कि त्योहार के मद्देनजर गाज़ियाबाद पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। डॉग स्क्वाड के साथ-साथ बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीडीएस) टीम भी सक्रिय है। शहर के प्रमुख बाजार जैसे कि तुलसी निकेतन, रामलीला मैदान, विजय नगर रोड, सिहानी गेट चौक और नंदग्राम क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है। इसके अलावा पुलिस ने रात्रिकालीन पेट्रोलिंग की व्यवस्था को भी और मजबूत किया है।

अभियान के दौरान पुलिस ने राहगीरों और दुकानदारों से संवाद भी स्थापित किया। नागरिकों को बताया गया कि दीवाली के दौरान आतिशबाजी करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें और सड़क किनारे पटाखे न जलाएं। साथ ही, बच्चों पर विशेष ध्यान देने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तुरंत 112 नंबर पर देने की अपील की गई। एसीपी उपासना पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस प्रशासन न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए, बल्कि नागरिकों में विश्वास की भावना मजबूत करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियों का प्रतीक हैं, और हमारी कोशिश है कि यह खुशियाँ किसी भी भय या चिंता के बिना मनाई जाएं। सुरक्षा हमारी जि़म्मेदारी है, लेकिन सहयोग जनता का भी कर्तव्य है। उन्होंने क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से पेट्रोलिंग करें, भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित करें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करें।

इस अभियान में डॉग स्क्वाड टीम के अलावा स्थानीय पुलिस कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पुलिस बल ने सड़कों पर पैदल गश्त की और प्रमुख मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट बनाए। पूरे अभियान के दौरान एसीपी पांडेय लगातार मौके पर रहकर स्थिति का जायज़ा लेती रहीं और टीमों को मौके पर ही दिशा-निर्देश देती रहीं। दीवाली पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में भी पुलिस की तत्परता से भरोसा बढ़ा है। नागरिकों ने कहा कि पुलिस की इस सक्रियता से उन्हें सुरक्षा का एहसास हो रहा है और वे निश्चिंत होकर त्योहार मना सकेंगे। दीवाली की रौशनी में अमन-शांति की लौ जलाए रखने के लिए गाजि़याबाद पुलिस हर मोर्चे पर पूरी तरह मुस्तैद है। एसीपी उपासना पांडेय के नेतृत्व में चलाया गया यह विशेष अभियान यह साबित करता है कि त्योहारों की चमक के बीच भी सुरक्षा का पहरा कमजोर नहीं होगा।