महापौर ने 5 करोड़ के विकास कार्यों का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया, शहर में विकास की नई गाथा शुरू

-डूंडाहेड़ा, हिंडन विहार और आरडीसी में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की शुरुआत
-महापौर का नागरिकों के साथ संवाद, हर वार्ड में समान रूप से विकास का संदेश
-स्थानीय निवासी और गणमान्य नागरिकों ने किया पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ स्वागत

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में विकास की नई गाथा लिखते हुए महापौर सुनीता दयाल ने बुधवार को करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। शिलान्यास समारोहों के दौरान स्थानीय निवासियों ने महापौर का फूल-मालाओं और जयकारों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। हर जगह माहौल उत्साहपूर्ण और जनसमर्थन से भरा दिखाई दिया।
कार्यक्रम का आरंभ वार्ड 27 डूंडाहेड़ा गांव से हुआ, इसके बाद आरडीसी फ्लाईओवर और वार्ड 17 हिंडन विहार में भी महापौर ने विकास कार्यों की नींव रखी। इन तीनों क्षेत्रों में लंबे समय से सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की मांग उठाई जा रही थी, जिसे महापौर ने आज साकार रूप दिया। महापौर ने बताया कि डूंडाहेड़ा गांव के मुख्य मार्ग और आंतरिक गलियों की स्थिति काफी जर्जर थी। स्थानीय नागरिकों की बार-बार की मांग को देखते हुए यहां आरसीसी सड़कों के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई है।

इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये है। वार्ड 17 हिंडन विहार मेट्रो स्टेशन से बाल्मीकि सभागार होते हुए गार्बेज फैक्ट्री तक आरसीसी सड़क निर्माण कार्य की लागत लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये है। यह सड़क हिंडन विहार को जोडऩे वाला प्रमुख मार्ग है, जिसकी मरम्मत से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। आरडीसी क्षेत्र में भी विकास कार्यों की गति तेज कर दी गई है। आरडीसी फ्लाईओवर के नीचे एवं सर्विस रोड, शौचालय से जल निगम कट तक सड़क निर्माण कार्य के लिए लगभग 80 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। यह इलाका शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में से एक है, जहां लंबे समय से सड़क की स्थिति सुधार की मांग की जा रही थी। महापौर ने कहा कि नगर निगम के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मैंने कभी यह नहीं देखा कि यहां हिंदू रहते हैं या मुस्लिम। विकास कार्यों में सभी को एक समान माना गया है।

मेरा प्रयास है कि पूरे शहर में संतुलित विकास हो, जिससे किसी क्षेत्र को उपेक्षित न महसूस हो। महापौर ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय निवासियों को बेहतर सड़कों, यातायात सुविधा और स्वच्छ वातावरण का लाभ मिलेगा। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों को सफल बनाना सबकी साझा जिम्मेदारी है। शिलान्यास कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय नागरिकों ने महापौर का पुष्पवर्षा, जयकारों और माला पहनाकर स्वागत किया। लोगों में खुशी और संतोष का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय बाद उनके क्षेत्र में विकास की रोशनी पहुंची है।

इस मौके पर पार्षद नरेश जाटव, पार्षद जयकिशन पाल, पूर्व पार्षद राकेश पंडित, विकास हिंदू, मंडल पदाधिकारी सुनील गौतम, कामेश्वर त्यागी, लीलू नगर, हाजी जमालुद्दीन, हाजी फजलुद्दीन, डॉ. हारून, हाजी जफरुद्दीन, हाजी कासिम, रहीश चौधरी समेत अनेक स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। महापौर सुनीता दयाल के नेतृत्व में गाजियाबाद नगर निगम लगातार नए विकास कार्यों की शुरुआत कर रहा है। सड़कों, जल निकासी, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण से जुड़े प्रोजेक्ट्स शहर के हर हिस्से में गति पकड़ रहे हैं। आज हुए शिलान्यास से यह स्पष्ट है कि निगम प्रशासन नागरिकों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील है और गाजियाबाद को आधुनिक, स्वच्छ और सुगम बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।