महापौर ने 5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का किया शिलान्यास

-मुस्लिम क्षेत्रों में भी लगातार हो रहा विकास, हर क्षेत्र को मिलेगा समान लाभ: सुनीता दयाल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद द्वारा शहर के समग्र विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से महापौर सुनीता दयाल ने शनिवार को लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से होने वाले अनेक विकास कार्यों का शिलान्यास किया। गोविंदपुरम, शहीद नगर, प्रताप विहार और अकबरपुर बेहरामपुर जैसे क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण, आरसीसी मार्गों के पुनर्निर्माण और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने जैसे कार्यों की औपचारिक शुरुआत महापौर ने अपने कर-कमलों से की। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। लोगों ने महापौर का फूलमालाओं से स्वागत किया और ‘महापौर सुनीता दयाल जि़ंदाबादÓ के नारों से माहौल गूंज उठा। नागरिकों ने कहा कि लंबे समय से जिन रास्तों की मरम्मत और निर्माण की मांग की जा रही थी, वह अब साकार होती दिख रही है।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जिन क्षेत्रों में नागरिक वर्षों से खराब सड़कों और जलभराव की समस्याओं से परेशान थे, वहां अब तेजी से कार्य शुरू हो गए हैं। उन्होंने बताया कि जनता की मांग पर अधिकारियों को तत्काल एस्टिमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए और 15वें वित्त आयोग की निधि से प्रस्ताव पास कर निविदाएं पूरी कराई गईं। महापौर ने कहा कि शहर के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में भी विकास कार्य निरंतर जारी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास किसी धर्म, जाति या क्षेत्र की सीमा में नहीं बंधा होता। हर नागरिक को बेहतर सड़कें, स्वच्छ वातावरण और सुदृढ़ सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नगर निगम का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि शहर के सभी क्षेत्र विकसित उत्तर प्रदेश की पहचान का हिस्सा बनें, इसके लिए निगम लगातार कार्य कर रहा है।

महापौर ने बताया कि जिन सड़कों के निर्माण की आज शुरुआत हुई है, उनमें वार्ड 30 बालाजी एन्क्लेव और कृष्णा गार्डन की सड़कें शामिल हैं, जिन पर लगभग एक करोड़ दस लाख रुपये की लागत आएगी। इसी तरह शहीद नगर, विजय नगर और अकबरपुर बेहरामपुर में भी करोड़ों रुपये की लागत से सड़क और आरसीसी निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरे होने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और इलाकों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। शिलान्यास समारोह में पार्षद आदिल मालिक, सचिन चौधरी, सतेंद्र चौधरी, राजेश पंडित, नरेश पाल, जयभगवान, संजीव त्यागी, जितेन्द्र कुमार, मनोज, प्रशांत कुमार, रोबिन कसाना सहित बड़ी संख्या में नगर निगम अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। महापौर ने कहा कि विकास कार्यों की गति को लगातार बनाए रखा जाएगा और आने वाले दिनों में शहर के अन्य इलाकों में भी इसी तरह के प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे।