दिल्ली धमाके के बाद गाजियाबाद में हाई अलर्ट, एसीपी उपासना पाण्डेय ने खुद संभाला मोर्चा

-भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सघन गश्त और चेकिंग अभियान
-बस स्टैंड, मेट्रो, रेलवे स्टेशन और होटलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
-संदिग्ध व्यक्ति, वाहन और वस्तुओं की गहन निगरानी पर जोर
-थानाध्यक्षों को सतत गश्त और त्वरित कार्रवाई के निर्देश
-नागरिकों से अपील: संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें, अफवाहों से बचें 

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। इसी क्रम में गाजियाबाद पुलिस प्रशासन ने भी पूरे जनपद में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। शहर के सभी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है तथा सुरक्षा जांच को और सख्त कर दिया गया है। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) नंदग्राम उपासना पाण्डेय ने देर रात खुद स्वयं मोर्चा संभालते हुए क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा समीक्षा की। उन्होंने थाना सिहानी गेट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रमुख स्थानों जैसे कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, होटल, लॉज, मॉल और बाजारों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसीपी उपासना पाण्डेय ने मौके पर मौजूद पुलिस बल को निर्देश दिए कि रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या वस्तु की गहन जांच की जाए।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। विशेष रूप से दिल्ली से सटे इलाकों में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं क्षेत्र में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और प्रत्येक थाने को अपने क्षेत्र में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। एसीपी उपासना पाण्डेय ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि होटल, लॉज और पार्किंग स्थलों की रात में भी जांच की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुई घटना के बाद गाजियाबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सभी थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र में निरंतर गश्त करें और किसी भी सूचना पर तत्काल प्रतिक्रिया दें। उन्होंनेने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाने को दें। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस की सहायता करें ताकि शहर में शांति और सुरक्षा बनी रहे। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता बनाने के लिए सभी पुलिस कर्मियों को अलर्ट मोड में रखा गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। एसीपी उपासना पाण्डेय ने कहा कि पुलिस बल हर परिस्थिति में नागरिकों की सुरक्षा के लिए तैयार है, और शहर की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि पुलिस हर स्तर पर मुस्तैदी से काम कर रही है और गाजियाबाद को सुरक्षित रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।