जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने किया परियोजनाओं का निरीक्षण

-कैलाश मानसरोवर भवन के सुचारु संचालन के लिए शीघ्र फर्म चयन और ई.ओ.आई. आमंत्रित
-तुलसी निकेतन कॉलोनी में रि-डेवलपमेंट संभावनाओं पर गहन चर्चा
-कोयल एंक्लेव में रामायण थीम पार्क की प्रगति और समयसीमा पर समीक्षा
-बहुमंजिला भवनों के विक्रय एवं निस्तारण की शीघ्र कार्ययोजना आवश्यक
-सिटी फॉरेस्ट और छठ घाट के जीर्णोद्धार कार्यों की गुणवत्ता और जनहित पर जोर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने मंगलवार को जीडीए की विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए और नागरिकों को जल्द से जल्द सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उपाध्यक्ष कलाल सबसे पहले इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन पहुंचे, जिसे हाल ही में जीडीए को हैंडओवर किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि भवन के सुचारु संचालन के लिए शीघ्र फर्म का चयन किया जाए और इसके लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ई.ओ.आई.) आमंत्रित किए जाएं। अधिकारियों ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार भवन की देखरेख अब सीधे जीडीए स्तर से की जा रही है।

इसके बाद उपाध्यक्ष ने तुलसी निकेतन कॉलोनी में भवनों का निरीक्षण किया और रि-डेवलपमेंट योजना से संबंधित संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवनों का निर्माण और नवीनीकरण गुणवत्तापूर्ण एवं समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। कोयल एंक्लेव योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे रामायण थीम पार्क का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने कहा कि पार्क का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा सितंबर 2026 के भीतर पूर्ण किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनसोल्ड बहुमंजिला भवनों के विक्रय और निस्तारण के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही क्षेत्र की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने पर जोर दिया गया। उपाध्यक्ष कलाल ने सिटी फॉरेस्ट का भी स्थलीय निरीक्षण किया और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सिटी फॉरेस्ट का विकास जनहित को ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्ता मानकों पर किया जाना चाहिए।

इसके अतिरिक्त हिंउन नदी छठ घाट के जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण भी किया गया और निर्देश दिए गए कि यह कार्य भी जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। नंद किशोर कलाल ने कहा कि जीडीए की सभी परियोजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर और शहर के समग्र विकास से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष के साथ सचिव राजेश कुमार सिंह, प्रभारी चीफ इंजीनियर आलोक रंजन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने निरीक्षण के दौरान हर परियोजना के विभिन्न पहलुओं जैसे निर्माण की गुणवत्ता, समयबद्धता और जनसुविधा पर विशेष ध्यान दिया। उपाध्यक्ष ने अंत में कहा कि जीडीए की यह प्रतिबद्धता है कि शहर में सभी परियोजनाओं को इस तरह संचालित किया जाए कि नागरिकों को उच्च गुणवत्ता, सुरक्षा और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध हों।