-नगर निगम, यातायात विभाग और जीडीए के संयुक्त प्रयास से तैयार व्यापक ट्रैफिक सुधार योजना
-चार प्रमुख जाम हॉटस्पॉट्स में सुधार अभियान, पार्किंग व्यवस्था और अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए विशेषज्ञ टीम करेगी स्थलीय निरीक्षण
-आरडीसी, राजनगर, राजनगर एक्सटेंशन और काला पत्थर रोड में बड़े पैमाने पर कार्यवाही होगी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में बढ़ती जाम की समस्या को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने रविवार को व्यापक रणनीति तैयार कर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, पार्किंग प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार एवं निगम अधिकारियों और विशेषज्ञ टीम के साथ बैठक की। शहर में तेजी से विकास कार्य चल रहे हैं, लेकिन बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के चलते यातायात व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। नगर आयुक्त ने बताया कि शहरवासियों की सुविधा और ट्रैफिक सुचारू बनाने के लिए नगर निगम, यातायात विभाग और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के संयुक्त प्रयास से विस्तृत कार्ययोजना बनाई जा रही है। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रथम चरण में शहर के चार प्रमुख जाम हॉटस्पॉट्स आरडीसी राजनगर, राजनगर एक्सटेंशन रेड लाइट, शेषनाग द्वारा और काला पत्थर रोड में ट्रैफिक सुधार अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम की विशेष टीम, यातायात पुलिस और जीडीए इन क्षेत्रों में संयुक्त रूप से सुधारात्मक कार्रवाई करेंगे। एयर पॉल्यूशन एक्शन ग्रुप की टीम को भी तत्काल कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त ने बैठक में बताया कि जाम से प्रभावित क्षेत्रों का चयन विशेष रूप से उन स्थानों के आधार पर किया गया है, जहाँ प्रतिदिन भारी ट्रैफिक की समस्या रहती है। इन हॉटस्पॉट्स में पार्किंग व्यवस्था में बदलाव कर वाहनों का प्रवाह सुगम बनाया जाएगा। इसके साथ ही अवैध अतिक्रमण हटाकर सड़क की चौड़ाई और उपयोगिता सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यकतानुसार नए यू-टर्न बनाए जाएंगे, ताकि ट्रैफिक का दबाव कम हो और सड़क का बहाव बेहतर हो सके। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जाम की समस्या का समाधान करने के लिए वैज्ञानिक मॉडल तैयार किया जा रहा है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में लागू किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित जोनल प्रभारी और निर्माण विभाग की टीम को निर्देश दिए गए कि वे संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण करें। एक्सपर्ट टीम के सदस्य भी मौके पर जाकर ट्रैफिक पैटर्न का अध्ययन करेंगे और उसके अनुसार सुधारात्मक सुझाव प्रस्तुत करेंगे। सबसे पहले आरडीसी क्षेत्र में ट्रैफिक सुधार अभियान की शुरुआत होगी। अधिकारियों ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर आरडीसी में बड़े पैमाने पर अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही पार्किंग, सड़क उपयोग, नए यू-टर्न और वैकल्पिक मार्गों के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
नगर आयुक्त ने बैठक में प्रेजेंटेशन के माध्यम से ट्रैफिक समस्या के मूल कारणों का विस्तार से विश्लेषण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निगम, यातायात विभाग और जीडीए के संयुक्त प्रयास से शहरवासियों को जाम की समस्या से निश्चित रूप से राहत मिलेगी। इस योजना के सफल क्रियान्वयन से न केवल जाम की समस्या कम होगी, बल्कि शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
निगम के इस कदम को शहरवासियों ने स्वागत योग्य बताया है और उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में गाजियाबाद सुरक्षित और जाम मुक्त शहर के रूप में उभर कर सामने आएगा। नगर आयुक्त ने बैठक में सभी अधिकारियों को जिम्मेदार और सक्रिय रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजना के हर चरण पर निगरानी रखी जाएगी और जनता की सुविधा के लिए तुरंत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही नगर निगम की यह पहल शहर में ट्रैफिक सुधार के लिए एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है, जो आने वाले समय में अन्य शहरों के लिए आदर्श बन सकती है। इस व्यापक योजना के तहत न केवल जाम मुक्त होने की संभावना बढ़ेगी, बल्कि यातायात व्यवस्था में सुव्यवस्था, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे पहलुओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। विशेषज्ञों और अधिकारियों की टीम लगातार ट्रैफिक पैटर्न की समीक्षा करेगी और आवश्यकतानुसार नई रणनीति अपनाई जाएगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की सक्रियता से गाजियाबाद शहर में आने वाले समय में यातायात सुचारू, सुरक्षित और जाम मुक्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।

नगर आयुक्त
हमारा लक्ष्य गाजियाबाद शहर में जाम की समस्या को स्थायी रूप से समाप्त करना है। इसके लिए नगर निगम, यातायात विभाग और जीडीए के संयुक्त प्रयास से एक व्यापक योजना तैयार की गई है। हमने शहर के चार प्रमुख हॉटस्पॉट्स आरडीसी राजनगर, राजनगर एक्सटेंशन रेड लाइट, शेषनाग द्वारा और काला पत्थर रोड को प्राथमिकता दी है। इन क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था सुधारने, अवैध अतिक्रमण हटाने और आवश्यकतानुसार नए यू-टर्न बनाने के साथ ही ट्रैफिक प्रवाह को सुचारू बनाने के लिए वैज्ञानिक मॉडल लागू किया जाएगा। निगम अधिकारी और एक्सपर्ट टीम स्थल निरीक्षण कर वास्तविक ट्रैफिक पैटर्न का विश्लेषण करेंगे और उसके अनुसार सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। हमारी कोशिश है कि चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में यह योजना लागू हो और गाजियाबाद सुरक्षित, सुचारू और जाम मुक्त शहर के रूप में उभरे। जनता की सुविधा और शहर की विकास गतिविधियों के संतुलन के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा। हम किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि शहरवासियों को जल्द ही जाम से मुक्ति मिले।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

















