-उप निर्वाचन अधिकारी की एसआईआर को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के लिए राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठक
-बीएलओ को बूथों पर रहने के निर्देश, गणना प्रपत्र भरने और जमा कराने में राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ के निर्देशन में उप निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी सौरभ भट्ट की अध्यक्षता में शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य में तेजी लाने और शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के उद्देश्य से राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उप निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 30 नवंबर 2025, रविवार को सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर रहेंगे और गणना प्रपत्र से संबंधित कार्य करेंगे। उन्होंने राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने बीएलए और अन्य प्रतिनिधियों के माध्यम से इस कार्य को शत-प्रतिशत पूरा कराने में सहयोग प्रदान करें।
उप निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि किसी भी मतदाता/निर्वाचक का नाम मतदाता सूची से ना हटने पाए, इसलिए जिन लोगों को जानकारी नहीं है, उन्हें जागरूक करें और गणना प्रपत्र भरने में मदद करें। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही भरे हुए गणना प्रपत्र जमा कराने से सभी कार्य समय पर पूर्ण होंगे और इसके बाद निर्वाचकों से प्राप्त फार्मों का डिजिटाइजेशन कार्य भी समय पर संपन्न किया जा सकेगा। बैठक में राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। इस अवसर पर भाजपा से सुभाष चन्द्र शर्मा, कांग्रेस से राजेन्द्र शर्मा और बसपा से मनोज कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतिनिधियों ने अपने स्तर से बीएलओ और पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने का संकल्प लिया और एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।
उप निर्वाचन अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि गणना प्रपत्र भरने और जमा कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए हर बूथ पर बीएलओ पूरी तरह तैनात रहेंगे और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि अपनी निगरानी बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्य लोकतंत्र की मजबूती और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राजनीतिक दल अपने-अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया की पूरी जानकारी दें, उन्हें फार्म भरने और जमा कराने में सहायता करें, ताकि गाजियाबाद जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य समय पर पूर्ण और निष्पक्ष रूप से सम्पन्न किया जा सके। उप निर्वाचन अधिकारी ने अंत में सभी प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि इस कार्य में कोई ढिलाई न हो और सभी कार्य नियंत्रित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हों, जिससे जिले की मतदाता सूची अद्यतन, सटीक और पूर्ण रूप से तैयार हो सके।
















