डॉक्टरों की सलाह पर होम आइसोलेशन में
नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कोविड-19 (कोरोना वायरस) की चपेट में आ गए हैं। कोरोना पॉजिटिव होने के बाद नड्डा ने रविवार की शाम ट्विटर पर खुद यह जानकारी साझा की है। उन्होंने संपर्क में आए नागरिकों से भी कोरोना की जांच कराने की अपील की है। जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल में हैं। जेपी नड्डा ने ट्वीट कर लिखा कि कोरोना के शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट कराया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है। डॉक्टरों की सलाह पर होम आइसोलेशन में सभी दिशा-निर्देशों का पालन कर रहा हूूं। मेरा अनुरोध है कि जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर जल्द से जल्द कोविड जांच करवाएं। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से नड्डा बंगाल में हैं। वहां वह कई सभाओं और कार्यक्रमों में भी भाग ले रहे हैं। पश्चिम बंगाल में नड्डा के काफिले पर हमला भी कर दिया गया था। हमले का आरोप ममता सरकार और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकताओं पर लगाया गया था। आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने जेपी नड्डा के काफिले को निशाना बनाकर पथराव कर दिया था। हमले में नड्डा तो बाल-बाल बच गए थे, मगर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को चोट आई थी। इस घटना के बाद दिल्ली तक हल्ला मच गया था। गृह मंत्रालय की नाराजगी के बाद बंगाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कुछ उपद्रवियों को गिरफ्तार किया था। गृह मंत्रालय ने उन 3 सरकारी अधिकारियों को भी दिल्ली में डेप्यूटेशन पर बुला लिया है, जिन पर जेपी नड्डा के काफिले की सुरक्षा का जिम्मा था। इस मुद्दे पर भी भाजपा और टीएमसी में घमासान हो गया है। फिलहाल जेपी नड्डा पूरी तरह आराम कर रहे हैं।
















