गाजियाबाद में भाजपा की बैठक: एसआईआर अभियान को मिली नई मजबूती, ब्रजेश पाठक ने कार्यकर्ताओं से घर-घर मतदाता सत्यापन की अपील की

भाजपा कार्यकर्ताओं की शक्ति का प्रदर्शन, एसआईआर अभियान को मिली मजबूती
-उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन की अपील की
-पारदर्शिता और निष्पक्षता ही भाजपा की राजनीति की पहचान है: ब्रजेश पाठक

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। लोकतंत्र को मजबूत आधार देने के लिए संचालित एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान को गति देने हेतु रविवार को कविनगर स्थित जानकी सभागार, रामलीला मैदान में भाजपा महानगर इकाई की भव्य बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुआ। संचालन बॉबी त्यागी ने किया। सभागार कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा रहा। इस विशेष बैठक में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ प्रदेश महामंत्री एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी सुभाष यदुवंशी, प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल सैनी, जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह, सांसद अतुल गर्ग, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, विधायक संजीव शर्मा, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, पूर्व महापौर आशु वर्मा, पूर्व महापौर आशा शर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन डेढ़ा के नेतृत्व में सभी मोर्चों के कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का भव्य स्वागत किया। महिला मोर्चा संयोजिका अनिता शर्मा ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ तिलक-वंदन किया। महानगर मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी, बृजभूषण पंडित और सुनील शर्मा ने उपमुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही वह पार्टी है जहां अंतिम पंक्ति का कार्यकर्ता भी परिश्रम और संगठन के लिए समर्पण के बल पर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच सकता है। भाजपा अवसर परिवारवाद से नहीं, बल्कि योग्यता और राष्ट्रसेवा से देती है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अन्य दलों में नेतृत्व परिवारों की ‘ड्राइंग रूमÓ बैठकों में तय होता है, जबकि भाजपा में संगठन का समर्पित कार्यकर्ता नेतृत्व तक पहुंच सकता है। हर कार्यकर्ता को 12 घरों की जिम्मेदारी मिली है। हमें वास्तविक मतदाताओं का सत्यापन कर मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध करना है। विपक्ष नकली वोटों पर राजनीति करना चाहता है, जबकि भाजपा पारदर्शी और निष्पक्ष मतदाता सूची के लिए प्रतिबद्ध है। सभा की प्रस्तावना करते हुए महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि एसआईआर केवल अभियान नहीं, यह लोकतंत्र का महायज्ञ है। भाजपा कार्यकर्ता इसकी रीढ़ हैं।

हमारा लक्ष्य सिर्फ आंकड़े नहीं, बल्कि निष्पक्ष, स्वच्छ और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है। जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह ने कहा कि गाजियाबाद एसआईआर अभियान का परिणाम आधारित मॉडल प्रस्तुत करेगा। उन्होंने उपमुख्यमंत्री और सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंशी ने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति वही बूथ स्तर का कार्यकर्ता है जो राष्ट्रहित में कार्य करता है। स्ढ्ढक्र संगठनात्मक प्रतिबद्धता का प्रतिरूप है। एसआईआर अभियान हमारी जिम्मेदारी और राष्ट्र-कर्तव्य का प्रतीक है। इसे पूर्ण निष्ठा से पूरा किया जाना चाहिए। स्वतंत्र प्रभार मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि गाजियाबाद अनुशासन और संगठन का आदर्श मॉडल है। एसआईआर में भी यह श्रेष्ठता सिद्ध करेगा। सांसद अतुल गर्ग ने कहा भाजपा में कार्यकर्ता ही संकल्प और सफलता के वाहक हैं।

आपकी मेहनत प्रदेश की राजनीतिक दिशा निर्धारित करती है। पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल ने दोहराया कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है जहां कार्यकर्ता अपनी योग्यता के आधार पर आगे बढ़ सकता है। अन्य दलों में परिवारवाद राजनीति की कसौटी है। विधायक संजीव शर्मा ने कहा भाजपा में पद से अधिक महत्व कार्यकर्ता की पहचान और उसके व्यक्तित्व का है। एसआईआर हमारी विचारधारा का ज़मीनी स्वरूप है। बैठक के अंत में महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल और जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह ने मंडल अध्यक्षों को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के हाथों सम्मानित कराया। इसके बाद धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया और सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।