कल गाजियाबाद आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुलिस-प्रशासन ने की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

-नेहरू नगर में सरस्वती विद्या मंदिर में होगा कार्यक्रम
-हिंडन एयरपोर्ट से नेहरू नगर तक काफिला, नगर निगम और पुलिस ने की पूरी तैयारी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल यानी सोमवार को गाजियाबाद दौरे पर होंगे। वह दोपहर 12:50 बजे नेहरू नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर पहुंचेगे और लगभग 2:50 बजे तक कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। उनके आगमन के मद्देनजर जिला प्रशासन और नगर निगम ने पूरी सुरक्षा और व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया है। मुख्यमंत्री लखनऊ से हिंडन एयरपोर्ट आएंगे, जहां से हरसांव पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में बनाए गए हैलीपेड पर उतरेंगे। इसके बाद काफिला नेहरू नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की ओर रवाना होगा। इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को सघन और कड़ी किया गया है। रूट के संभावित रास्तों को नगर निगम ने साफ-सुथरा और अतिक्रमण मुक्त करवा दिया है। सड़कों पर चूना डलवाकर सफाई का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

नगर निगम अधिकारियों ने देर रात तक सड़क किनारे के खोखों और अन्य अतिक्रमण हटवाए। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल के आसपास सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। पुलिस और प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कार्यक्रम स्थल और परेड ग्राउंड पर अधिकारियों की ड्यूटी तय कर दी है। सुरक्षा के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी और मोर्चाबंदी का भी इंतजाम किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिन पहले वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देश दिए थे कि जिले के सभी मंडलों में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान की गहन समीक्षा की जाए। माना जा रहा है कि वे अपने दौरे के दौरान मेरठ मंडल में एसआईआर अभियान की समीक्षा भी कर सकते हैं। नगर निगम और पुलिस का कहना है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व और कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व साफ-सफाई को लेकर किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहेगी। सभी मार्गों को व्यवस्थित कर जनता और कार्यकर्ताओं के लिए सुविधा सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले सभी व्यक्तियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता के रूप में रखी गई है। इस दौरे के साथ ही गाजियाबाद प्रशासन ने यह संदेश भी दिया है कि शहर में सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं को लेकर सतत प्रयास जारी रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दौरे को देखते हुए जिले में सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ी गई है।