जीडीए का मेगा ऑक्शन मिशन: इंदिरापुरम–वैशाली–कौशांबी में भूखंड खरीदने का सुनहरा मौका

-29 दिसंबर को इंदिरापुरम, वैशाली और कौशांबी सहित कई क्षेत्रों में 65 से अधिक भूखंडों की नीलामी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की विभिन्न योजनाओं में निवेश और संपत्ति खरीदने के इच्छुक लोगों के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है। जीडीए द्वारा शहर की प्रमुख और विकसित योजनाओं में रिक्त पड़े भूखंडों की नीलामी आगामी 29 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। यह नीलामी लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में सुबह 11 बजे से शुरू होगी, जिसमें इच्छुक खरीदार भाग लेकर बोली के माध्यम से भूखंड प्राप्त कर सकेंगे। पहले यह नीलामी 17 दिसंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन प्रशासनिक कारणों से इसकी तिथि बढ़ाकर 29 दिसंबर कर दी गई है।

जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस नीलामी में इंदिरापुरम, वैशाली, कौशांबी, इंद्रप्रस्थ, कोयल एंक्लेव, प्रताप विहार, कर्पूरीपुरम, यूपी बॉर्डर और राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर सहित विभिन्न योजनाओं में स्थित करीब 65 रिक्त भूखंडों को शामिल किया गया है। इन भूखंडों में आवासीय, व्यावसायिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य और समूह आवास से जुड़े प्लॉट शामिल हैं, जिससे अलग-अलग वर्ग के निवेशकों और संस्थानों को लाभ मिल सकेगा।

अपर सचिव ने बताया कि नीलामी में भाग लेने के लिए इच्छुक व्यक्ति 24 दिसंबर तक आवेदन पत्र एवं ब्रोशर खरीद सकते हैं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन भरने के बाद बोलीदाता नीलामी में हिस्सा ले सकेंगे। नीलामी में सभी संपत्तियों की बोली उनके निर्धारित रिजर्व प्राइस से ऊपर लगाई जाएगी और किसी भी संपत्ति पर एकल बोली मान्य नहीं होगी। नीलामी में कोयल एंक्लेव योजना के अंतर्गत 7 समूह आवास भूखंड, 2 प्राथमिक विद्यालय के भूखंड, 1 उच्च माध्यमिक विद्यालय का भूखंड, एक आवासीय भूखंड तथा एक स्वास्थ्य केंद्र का भूखंड शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त कौशांबी योजना के ए-ब्लॉक में स्थित 5 आवासीय भूखंड भी नीलामी के माध्यम से बेचे जाएंगे।

इंद्रप्रस्थ योजना के एच-पॉकेट में 16 व्यावसायिक भूखंड नीलामी में रखे गए हैं, जिनमें व्यापारिक गतिविधियों के लिए व्यापक संभावनाएं हैं। वहीं वैशाली योजना के सेक्टर-6 में एक स्वास्थ्य केंद्र का भूखंड और सेक्टर-3 में एक हाईस्कूल एवं नर्सिंग होम के भूखंड भी नीलामी सूची में शामिल किए गए हैं। इसके अलावा प्रताप विहार सेक्टर-11 में आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंड, कर्पूरीपुरम योजना में होटल के लिए एक भूखंड, यूपी बॉर्डर पॉकेट-ए में 6 दुकानों के भूखंड और आंबेडकर रोड डिस्ट्रिक्ट सेंटर में 11 व्यावसायिक भूखंड नीलामी के लिए उपलब्ध होंगे। वहीं राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर में स्थित 10 कियोस्क को 10 वर्ष की लीज पर देने के लिए नीलामी में शामिल किया गया है।

जीडीए अधिकारियों का मानना है कि वर्ष के अंत में आयोजित हो रही इस नीलामी में भूखंडों को अच्छे दाम मिलने की पूरी संभावना है, क्योंकि ये संपत्तियां शहर के विकसित और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में स्थित हैं। अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि यह नीलामी नए साल से पहले जीडीए की योजनाओं में निवेश करने का एक उत्कृष्ट अवसर है। इच्छुक लोग निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर नीलामी में भाग लें और अपने लिए उपयुक्त संपत्ति प्राप्त करें।