नगर आयुक्त ने आईटीएमएस का निरीक्षण कर शहर की ट्रैफिक और नगर सेवाओं को आधुनिक बनाने का संकल्प लिया

-इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से 1500 कैमरों की निगरानी और 350 नए कैमरों की स्थापना से आएगा ट्रैफिक और कानून व्यवस्था में सुधार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम में नवनिर्मित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली (आईटीएमएस) भवन का बुधवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने आईटीएमएस के संचालन हेतु तैयार भवन में स्थापित की जा रही इंटीग्रेटेड कमांड एवं नियंत्रण केंद्र की कार्यप्रणाली को देखा और इसे नए सिरे से व्यवस्थित रूप में स्थापित करने के निर्देश संबंधित टीम को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस भवन में केवल यातायात प्रबंधन ही नहीं, बल्कि नगर निगम की विभिन्न सेवाओं को भी एकीकृत कर शहरवासियों को एक ही स्थान से सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने ट्रैफिक प्रबंधन के लिए लगाए गए सर्वर, बड़ी स्क्रीन, कंप्यूटर और अन्य तकनीकी संसाधनों की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 15 दिनों के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करते हुए जनवरी 2026 के प्रथम सप्ताह से आईटीएमएस के माध्यम से ट्रैफिक चालान की कार्रवाई हर हाल में शुरू की जाए।

नगर आयुक्त ने कहा कि यह व्यवस्था लागू होने से यातायात नियमों के पालन में सुधार आएगा और सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। नगर आयुक्त ने गाजियाबाद नगर निगम सीमा क्षेत्र में पहले से लगे लगभग 1500 सीसीटीवी कैमरों को एक सप्ताह के भीतर इंटीग्रेटेड कमांड एवं नियंत्रण केंद्र से जोडऩे के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही उन्होंने शहर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 350 नए कैमरे शीघ्र आवश्यक स्थानों पर लगाए जाने के आदेश दिए। उनका कहना था कि कैमरों के माध्यम से पूरे शहर की निगरानी संभव होगी, जिससे यातायात व्यवस्था के साथ-साथ कानून व्यवस्था और नगर सेवाओं में भी पारदर्शिता आएगी।

जन समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि नई आईटीएमएस बिल्डिंग में इंटीग्रेटेड कमांड एवं नियंत्रण कक्ष को इस तरह व्यवस्थित किया जाए, ताकि एक ही स्थान से समस्याओं का समाधान किया जा सके। उन्होंने नगर निगम की 311 शिकायत सेवा, नियंत्रण कक्ष और वाहन ट्रैकिंग निगरानी प्रणाली को भी जनहित में एक ही परिसर में संचालित करने की योजना पर कार्य करने को कहा। नगर आयुक्त ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम लगातार शहर हित में कार्य कर रहा है और शासन की योजनाओं के अनुरूप नए वर्ष में शहरवासियों को आईटीएमएस की सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके माध्यम से ट्रैफिक व्यवस्था पर कैमरों के जरिए ऑनलाइन निगरानी रखी जा सकेगी, जिससे जाम और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।

उन्होंने नगर निगम के साथ-साथ विद्युत विभाग, यातायात विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को भी 10 दिनों के भीतर प्रोजेक्ट शुरू करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी, डॉक्टर अनुज कुमार सिंह सहित नगर निगम और निर्माण विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं परियोजना से जुड़ी एजेंसी इफकॉन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट प्रबंधक मोहित गिरधर, प्रोजेक्ट प्रभारी राजीव भारद्वाज और विकास कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। निरीक्षण के अंत में नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना को सफल बनाने के निर्देश दिए।