निर्मल ज्योति बजाज फुटबॉल टूर्नामेंट-2025: द्वितीय दिन खेल और उत्साह का महाकुंभ

-क्वार्टर फाइनल में कड़े मुकाबले, दर्शकों ने तालियों से किया खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन
-जबरदस्त खेल, के.डी.बी., एस्टर, डी.पी.एस.जी. मेरठ और डी.एल.एफ. पब्लिक स्कूल ने सेमीफाइनल में बनाई अपनी जगह

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कवि नगर स्थित के.डी.बी. पब्लिक स्कूल के प्रांगण में आयोजित त्रिदिवसीय निर्मल ज्योति बजाज फुटबॉल टूर्नामेंट-2025 के सातवें अंतर विद्यालय प्रतियोगिता का द्वितीय दिवस शुक्रवार को खेल भावना, उत्साह और प्रतिस्पर्धा के रंगों से सराबोर रहा। पूरे दिन खेले गए रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा और खिलाडिय़ों में जोश व उमंग देखते ही बन रही थी।
द्वितीय दिवस की शुरुआत क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के साथ हुई। उद्घाटन मैच में अमेठी इंटरनेशनल स्कूल और एस.एस.सी. कॉन्वेंट स्कूल आमने-सामने आए। टॉस जीतकर अमेठी इंटरनेशनल स्कूल ने खेल की शुरुआत की, लेकिन दोनों टीमों के बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल ने मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया। अंतत: शानदार प्रदर्शन करते हुए एस.एस.सी. कॉन्वेंट स्कूल ने 1-0 से जीत दर्ज की।

दूसरा मुकाबला डी.एल.एफ. पब्लिक स्कूल साहिबाबाद और डी.पी.एस. एच.आर.आई.टी. स्कूल के बीच खेला गया। दोनों टीमों के शानदार खेल ने दर्शकों की नजरें मैदान से हटने नहीं दीं। कड़े संघर्ष के बाद डी.एल.एफ. पब्लिक स्कूल ने 2-1 से जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया। तीसरे मैच में लर्निंग ट्विस्ट दा स्कूल और सी.एस.एच.पी. पब्लिक स्कूल के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित समय तक बराबरी रहने के बाद पेनल्टी स्ट्रोक में लर्निंग ट्विस्ट दा स्कूल ने 2-0 से जीत दर्ज कर दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद भागीरथ पब्लिक स्कूल और डी.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल के बीच खेले गए मुकाबले में डी.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 4-0 से शानदार जीत दर्ज की।

आगे खेले गए मुकाबले में मेजबान के.डी.बी. पब्लिक स्कूल कवि नगर ने लर्निंग ट्विस्ट दा स्कूल को 5-0 से पराजित कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। छठे मुकाबले में डी.पी.एस.जी. मेरठ और एस.एस.जी. कॉन्वेंट स्कूल के बीच कड़ा संघर्ष हुआ, जिसमें डी.पी.एस.जी. मेरठ ने पेनल्टी स्ट्रोक में 4-3 से जीत हासिल की। सातवें मुकाबले में एल.एन.आई. हाउस पब्लिक स्कूल और एस्टर पब्लिक स्कूल नोएडा के बीच खेला गया, जिसमें एस्टर पब्लिक स्कूल ने 1-0 से बाजी मारी। इसके बाद डी.पी.एस.जी. इंटरनेशनल और डी.एल.एफ. पब्लिक स्कूल साहिबाबाद के बीच खेले गए मैच में डी.एल.एफ. पब्लिक स्कूल ने 1-0 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में स्थान सुनिश्चित किया।

दिन भर चले इन रोमांचक मुकाबलों के बाद के.डी.बी. पब्लिक स्कूल, एस्टर पब्लिक स्कूल, डी.पी.एस.जी. मेरठ और डी.एल.एफ. पब्लिक स्कूल गाजियाबाद की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गईं। विजेता टीमों की सफलता पर पूरा मैदान दर्शकों की तालियों और उत्साहपूर्ण जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या निवेदिता राणा एवं उप-प्रधानाचार्या नम्रता दूबे की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। उन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माध्यम बताया। निर्मल ज्योति बजाज फुटबॉल टूर्नामेंट-2025 का द्वितीय दिवस खेल प्रतिभा, जुनून और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।