- जनता की समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: सुनीता दयाल
- शहर के विकास के नए आयाम: 11 वार्डों में भव्य शिलान्यास किया
- जनता की प्राथमिकताओं के अनुरूप कविनगर जोन में शुरू हुए करोड़ों के निर्माण कार्य
- सड़क, नाली और पार्क के विकास के लिए महापौर ने किया बड़े पैमाने पर शिलान्यास
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के विभिन्न इलाकों में लंबे समय से लंबित समस्याओं को सुलझाने की दिशा में रविवार को कविनगर जोन में बड़ा कदम उठाया गया। जनता की मांग और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महापौर सुनीता दयाल ने 11 विकास कार्यों का शिलान्यास किया, जिनकी कुल लागत करीब दो करोड़ रुपये है। शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत 11 नारियल फोड़कर की गई, जिसे देखकर स्थानीय नागरिकों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। इन 11 परियोजनाओं के तहत वार्ड 16 गढ़ी सिखरोड गांव, वार्ड 30 गोविंदपुरम, एनडीआरएफ रोड क्षेत्र, रतन एन्क्लेव, अक्षय एन्क्लेव, बालाजी एन्क्लेव, वार्ड 62 गोविंदपुरम, वार्ड 56 गार्डन एनक्लेव एवं विष्णु एन्क्लेव, वार्ड 47 महेंद्र एन्क्लेव और वार्ड 69 लोहिया नगर में सड़क, नाली निर्माण और पार्क सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य किए जाएंगे। इन परियोजनाओं में विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्य शामिल हैं वार्ड 16 और 56 में इंटरलॉकिंग टाइल्स और नाली निर्माण, वार्ड 62 और 30 में आरसीसी नाली और सड़क निर्माण, जबकि लोहिया नगर के बी-ब्लॉक पार्क का सौंदर्यकरण भी किया जाएगा।
इन कार्यों का उद्देश्य आम नागरिकों की सुविधा बढ़ाना और जीवन स्तर को सुधारना बताया गया। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और उनके विकास कार्यों को प्राथमिकता देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि शहर के नागरिक लगातार अपनी जरूरतों के बारे में संपर्क कर रहे हैं और इन्हीं मांगों के आधार पर विभिन्न कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां सड़कें और अन्य बुनियादी ढांचे की स्थिति खराब है, वहां पहले काम कराकर आमजन को तत्काल राहत दी जा रही है। महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि यह सभी 11 विकास कार्य उनकी व्यक्तिगत निधि से कराए जा रहे हैं और भविष्य में भी इसी प्रकार की योजनाएं जनता की मांग के अनुरूप जारी रहेंगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इन विकास कार्यों का समर्थन करें और शहर के सौंदर्य और विकास में सहयोग दें। शिलान्यास के दौरान स्थानीय लोगों ने महापौर का भव्य स्वागत किया और कार्यों की शुरुआत पर खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर पवन गोयल, नवीन, अनिल सवारियां, पूर्व जिलाध्यक्ष महेश अग्रवाल, पार्षद मनोज त्यागी, पार्षद अमित त्यागी, पार्षद नीलम, मंडल अध्यक्ष राहुल तोमर, साहब सिंह सिरोही, राजीव डागर, जयवीर सिंह, नितिन शर्मा, आकांक्षा त्यागी, मोहित राज, राजेंद्र, शिवम सिसोदिया, मुकेश सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के विकास कार्य न केवल नागरिकों की सुविधा बढ़ाते हैं, बल्कि स्थानीय प्रशासन और जनता के बीच विश्वास और सहभागिता भी मजबूत करते हैं। नागरिकों का मानना है कि महापौर सुनीता दयाल द्वारा की गई पहल उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी और शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

















