-जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्रा ने बिल्डर को दिए सख्त निर्देश, भूमिहीन किसानों को नि:शुल्क फ्लैट और गांव के बच्चों को नौकरी के अवसर सुनिश्चित करने के लिए भी उठाए कदम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नेशनल हाइवे-9 स्थित वेव सिटी से प्रभावित किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए गुरूवार को जीडीए सभागार में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्रा ने की, जिसमें जीडीए अधिकारियों, किसानों और वेव सिटी के प्रबंधकों ने भाग लिया। बैठक में किसानों ने वेव सिटी बिल्डर से पूर्व में किए गए वायदों को पूरा कराने की मांग उठाई। किसानों ने 8 प्रतिशत विकसित भूखंड दिलाने की मांग करते हुए कहा कि उन्होंने पहले 800 रुपए प्रति वर्गमीटर और बाद में 2200 रुपए प्रति वर्गमीटर कीमत पर जमीन खरीदी थी। उनका कहना था कि उनकी जमीन के अनुसार प्लॉट तुरंत आवंटित किए जाएं। जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्रा ने किसानों और बिल्डर के प्रतिनिधियों की बात सुनने के बाद निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों को शर्तों के अनुसार प्लॉट जल्द उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन गांवों की जमीन अधिगृहीत की गई है, वहां संपूर्ण विकास कार्य कराए जाएं और भूमि पर छोड़ी गई किसानों की जमीन के मामले का समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में किसानों ने यह भी मांग की कि उन गांवों के बच्चों को नौकरी के अवसर प्रदान किए जाएं और भूमिहीन किसानों को नि:शुल्क फ्लैट आवंटित किए जाएं। जीडीए सचिव ने बिल्डर को निर्देश दिए कि शीघ्र ही फ्लैट की रजिस्ट्री कराई जाए।
बैठक में एडीएम एलए अवनीश कुमार सिंह, तहसीलदार विवेक मिश्रा, जीडीए के अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार और अधिशासी अभियंता योगेश पटेल भी उपस्थित थे। किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने जीडीए के आश्वासन पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द पूरा किया जाएगा। विवेक मिश्रा का संदेश स्पष्ट: प्रभावित किसानों को न्याय और विकास सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा। वेव सिटी बिल्डर को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
















