जीडीए की नीलामी में 11 भूखंड बिके 193.82 करोड़ में, हॉकी स्टेडियम 55% अधिक दाम पर लीज पर

-मधुबन-बापूधाम और इंदिरापुरम विस्तार योजना में रिकॉर्डतोड़ बिक्री, भूखंडों की बढ़ी मांग

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की गुरूवार को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में आयोजित नीलामी में मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना और इंदिरापुरम विस्तार योजना के कुल 11 भूखंड बिके, जिनसे जीडीए को कुल 193.82 करोड़ रुपए की आय हुई। नीलामी में शास्त्रीनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री हॉकी स्टेडियम को भी निर्धारित दर से 55 प्रतिशत अधिक कीमत पर लीज पर दिया गया। नीलामी की अध्यक्षता जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने की, जबकि जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देशन में नीलामी संपन्न हुई। ओएसडी कनिका कौशिक, सहायक अभियंता सुरजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। नीलामी में मधुबन-बापूधाम योजना के भूखंडों पर सबसे अधिक बोली लगाई गई। पाकेट-ए में समूह हाउसिंग के कुल आठ भूखंड नीलामी में बिके, जिनसे लगभग 173.86 करोड़ रुपए की आय हुई।

तीन भूखंड, जिनका रिजर्व प्राइज 52,500 रुपए प्रति वर्गमीटर था, क्रमश: 66,500 से 67,300 रुपए प्रति वर्गमीटर की दर से बिके और कुल 47.86 करोड़ रुपए में नीलामी संपन्न हुई। इसके अलावा 8,875 वर्गमीटर का भूखंड 47.21 करोड़ रुपए और 8,355 वर्गमीटर का भूखंड 44.24 करोड़ रुपए में नीलाम हुआ। योजना के तहत कन्वीनियंट शॉपिंग, व्यावसायिक और मिक्स लैंड यूज के भूखंड भी रिजर्व प्राइज से अधिक दरों पर बिके। जीडीए अब इन योजनाओं में तेजी से विकास कार्य कर रहा है। इंदिरापुरम विस्तार योजना के बी-ब्लॉक में 260 वर्गमीटर का व्यावसायिक भूखंड 11.50 करोड़ रुपए और 135 वर्गमीटर का व्यावसायिक भूखंड 23.33 करोड़ रुपए में नीलामी में बेचा गया। शास्त्रीनगर योजना में लाल बहादुर शास्त्री हॉकी स्टेडियम की नीलामी में सबसे अधिक बोली लगी।

इसका रिजर्व प्राइज 3,99,300 रुपए था, जबकि बोली 8,99,000 रुपए तक बढ़ गई। हॉकी स्टेडियम को निर्धारित दर से 55 प्रतिशत अधिक दाम पर लीज पर दिया गया, और यह राशि हर वर्ष जीडीए में जमा की जाएगी। नीलामी के दौरान भूखंडों की लोकेशन और विशेषताओं की जानकारी जीडीए अधिकारियों द्वारा बोलीदाताओं को विस्तार से दी गई, जिसके कारण अधिकांश भूखंड अपनी अनुमानित कीमत से कहीं अधिक मूल्य पर बिके। बोलीदाताओं की बड़ी संख्या और उत्साह के कारण यह नीलामी इस वर्ष की पहली और सबसे सफल नीलामी साबित हुई।

विशेष जानकारी:
• मधुबन-बापूधाम योजना में कुल 8 भूखंड बिके।
• इंदिरापुरम विस्तार योजना में 2 व्यावसायिक भूखंड बेचे गए।
• शास्त्रीनगर हॉकी स्टेडियम 55′ अधिक दाम पर लीज पर गया।
जीडीए अधिकारियों ने बताया कि नीलामी से प्राप्त आय का उपयोग शहर के विकास कार्यों और अधिगृहीत भूखंडों पर तेजी से विकास कार्य करने में किया जाएगा।