-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए
-11 सूत्रीय मांग पत्र पर चर्चा में आवासीय सुविधा, कैशलेस चिकित्सा और फर्नीचर जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता
-345 कर्मचारियों और 84 अधिकारियों के लिए निगम भूमि पर आधुनिक हाई-राइज अपार्टमेंट का निर्माण प्रस्तावित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के समक्ष शनिवार को निगम कर्मचारियों के हित एवं कार्यस्थल सुधार से जुड़े 11 सूत्रीय मांग पत्र पर विस्तृत चर्चा की। इस बैठक में नगर आयुक्त ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कर्मचारी हितों से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श हुआ, जिसमें कैशलेस चिकित्सा सुविधा, विभागीय पदोन्नति, कर्मचारियों की आवासीय समस्याओं के समाधान के लिए भावनात्मक व भौतिक मदद, समस्त जोन में नए फर्नीचर और वाटर कूलर की सुविधा, रिकॉर्ड रूम की स्थापना, मुख्यालय भवन में सेंट्रलाइज्ड वातानुकूलन व्यवस्था, कर्मचारियों के आईडी कार्ड की सुविधा, विजयनगर जोनल कार्यालय का शीघ्र प्रारंभ, तथा मालियों के लिए सेवा केंद्र की स्थापना शामिल थे। नगर आयुक्त ने बैठक में सभी बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विशेष रूप से मांग पत्र के तीसरे बिंदु पर ध्यान देते हुए नगर आयुक्त ने कर्मचारियों के लिए निगम भूमि पर हाई-राइज अपार्टमेंट और बिल्डिंग निर्माण की योजना की जानकारी दी। इसके तहत गांधीनगर, मधुबन, बापूधाम और राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में निगम की भूमि पर अपर नगर आयुक्त, स्थाई और केंद्रीय कर्मचारी एवं अधिकारियों के लिए आधुनिक हाई-राइज बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। इस प्रस्तावित निर्माण से 345 कर्मचारियों और 84 अधिकारियों को आवासीय सुविधा मिलेगी।
बैठक में नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनुराग नागर ने कर्मचारियों के हित में इस पहल को सराहा और नगर आयुक्त को धन्यवाद दिया। इसके अलावा नगर आयुक्त ने विजयनगर जोनल कार्यालय के शीघ्र संचालन, जोनल स्तर पर फर्नीचर उपलब्ध कराने और अन्य बिंदुओं पर भी एक सप्ताह में निर्णय लेते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नगर निगम कर्मचारी संघ से उपाध्यक्ष मयूर गिरधर, संगठन मंत्री आकाश शर्मा, उप मंत्री भीम सिंह, अरविंद त्यागी और प्रदीप राठी भी बैठक में मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने इस अवसर पर कहा कि नगर निगम कर्मचारियों की भलाई और कार्यस्थल सुधार हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से कहा कि उनके सुझाव और समस्याएं प्रशासन तक सीधे पहुंचें ताकि उन्हें शीघ्र हल किया जा सके।
हाई-राइज बिल्डिंग के निर्माण से कर्मचारियों की आवासीय समस्या का स्थायी समाधान होगा और भविष्य में शहर में निगम कर्मियों के लिए बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित किया जा सकेगा। बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही सभी जोनों में आवश्यकतानुसार फर्नीचर उपलब्ध कराए जाएंगे, वाटर कूलर और रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था की जाएगी, और मुख्यालय में वातानुकूलन सिस्टम का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस प्रकार नगर निगम प्रशासन ने कर्मचारियों के हित में 11 सूत्रीय मांग पत्र पर न केवल चर्चा की, बल्कि ठोस कार्ययोजना बनाकर शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया।
















