जीएसटी 2.0 सुधारों से व्यापारियों को मिलेगा प्रत्यक्ष लाभ: जिलाधिकारी

-राज्य कर विभाग ने आयोजित किया व्यापारी संवाद कार्यक्रम, पंजीयन और दुर्घटना बीमा की जानकारी दी गई
-व्यापारियों की समस्याओं को नोट कर शीघ्र समाधान करने के आदेश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राज्य कर विभाग द्वारा शनिवार को रीजनल ट्रेनिंग सेंटर में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ रहे, जिन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जीएसटी 2.0 से व्यापारियों और ग्राहकों को प्रत्यक्ष लाभ होगा। कार्यक्रम में व्यापारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ताओं और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विभाग की ओर से रिटर्न दाखिला, जीएसटी 2.0 सुधार, पंजीयन प्रक्रिया, समाधान योजना, ईंट भट्टा और व्यापारी दुर्घटना बीमा सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मांदड़ ने कहा कि यदि विभाग की कार्रवाई के दौरान पोर्टल में कोई तकनीकी विसंगति आए, तो उसे तुरंत शासन तक पहुंचाया जाए ताकि तकनीकी त्रुटियों को दूर किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों द्वारा रखी गई सभी समस्याओं को नोट किया जाए और उनका समाधान शीघ्र कराया जाए। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त ग्रेड-1, मानवेन्द्र प्रताप सिंह और विशिष्ट अतिथि अपर आयुक्त (लेखा), लखनऊ अशोक कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। पंजीयन और समाधान योजना पर विंध्यावासिनी वर्मा ने छोटे व्यापारियों के लिए नियम-14 के अंतर्गत तीन दिन में पंजीयन मिलने की प्रक्रिया समझाई। सहायक आयुक्त अनिल जैन ने मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की जानकारी दी, जिसके तहत दुर्घटना में मृत्यु होने पर 10 लाख और विकलांगता होने पर भी बीमा लाभ मिलता है। इसके अलावा, उपायुक्त पंकज लाल ने रिटर्न दाखिला की जानकारी दी, सहायक आयुक्त अमित कुमार सिंह ने ईंट भट्टा प्रणाली पर जानकारी साझा की, और निलेश सिंह ने जीएसटी सुधारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

व्यापारियों ने सचल दल व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता भी जताई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के पूर्व सदस्य अशोक गोयल, व्यापार मंडल, अधिवक्ता सुनील गोयल, अतुल जैन, बाल कृष्ण गुप्ता, तिलक राज अरोड़ा, विभोर जिंदल, हरमीत सिंह बिट्टा, रविंद्र तेवतिया और नवीन अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। राज्य कर विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी जैसे रामकेश्वर, मोनू त्रिपाठी, एके सिंह, कमलेश कुमार, राम मिलन प्रसाद भी मौजूद थे। जिलाधिकारी ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और विभाग के अधिकारी तकनीकी त्रुटियों एवं शिकायतों पर नजर रखेंगे।