-महापौर सुनीता दयाल की अध्यक्षता में 15वें वित्त और अवस्थापना निधि के प्रस्ताव पास
-सड़कों, डिवाइडर, वायु गुणवत्ता सुधार और नगर निगम मुख्यालय के नए भवन सहित 107 विकास कार्य होंगे क्रियान्वित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में सड़कों के निर्माण से लेकर डिवाइडरों की मरम्मत और वायु गुणवत्ता सुधार तक, नगर निगम ने 278 करोड़ रुपए की राशि से 107 विकास कार्यों को मंजूरी दे दी है। सोमवार को महापौर सुनीता दयाल की अध्यक्षता में आयोजित 15वें वित्त एवं अवस्थापना विकास निधि फंड की बैठक में यह प्रस्ताव पास किया गया। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि इस धनराशि से शहर के तीन विधानसभा क्षेत्रों—शहर, मुरादनगर और साहिबाबाद—में विकास कार्य किए जाएंगे।
शहर विधानसभा क्षेत्र में 58.57 करोड़, मुरादनगर में 54.42 करोड़ और साहिबाबाद में 122.45 करोड़ रुपए के विकास कार्य होंगे। प्रस्तावित कार्यों में मुख्य मार्गों की कच्ची सड़कों का सुधार, ड्रैनेज सिस्टम का सुचारू संचालन, सड़कों और डिवाइडरों की मरम्मत, शहर की सौंदर्यीकरण गतिविधियां, थर्मोप्लास्ट और चित्रकारी, बायोडायवर्सिटी पार्क का विकास, वेडिंग जोन और कियोस्क निर्माण शामिल हैं।
नगर निगम मुख्यालय के नए भवन का निर्माण 24.76 करोड़ रुपए में होगा। महापौर ने कहा कि सभी विकास कार्य नगर आयुक्त और निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर की निगरानी में तेजी से पूरा किए जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रयासों के लिए भी धन्यवाद दिया, जिनकी पहल से नगर निगम विकास कार्यों को गति देने में सक्षम हुआ। इस व्यापक विकास योजना से गाजियाबाद की सड़कों, वायु गुणवत्ता और शहर की साज-सज्जा में सुधार होगा, जिससे नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर का स्वरूप और आकर्षण बढ़ेगा।
















