-भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में बीएलओ की उपस्थिति अनिवार्य
-23,312 फॉर्म प्राप्त, अनुपस्थित बीएलओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत रविवार को जनपद में चलाए गए विशेष अभियान में 44 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ड्यूटी से नदारद पाए गए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि इन 44 बीएलओ के अनुपस्थित रहने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए वेतन रोकने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विशेष अभियान के तहत समस्त बीएलओ को अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची पढ़कर सुनाना और अर्ह एवं छूटे हुए मतदाताओं से फॉर्म-6 सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करना था।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देश पर समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक अधिकारियों ने प्रत्येक मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अनुपस्थित पाए गए बीएलओ के कार्य की समीक्षा उनके पर्यवेक्षणीय अधिकारियों द्वारा कराई जाएगी। अभियान के दौरान जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों से कुल 23,312 फॉर्म प्राप्त हुए हैं, जिनमें 20,953 फॉर्म-6, 2,310 फॉर्म-8 और 49 फॉर्म-7 शामिल हैं। सभी प्राप्त फॉर्म बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज कराकर समयबद्ध निस्तारित कर दिए जाएंगे।
















