-नगर आयुक्त ने भोपुरा के स्कूल में एआई व डिजिटल लैब का किया शुभारंभ, हाईटेक शिक्षा पर दिया जोर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आधुनिक तकनीक से जुड़कर ही छात्राएं भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकती हैं। इसी सोच को साकार करते हुए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सोमवार को भोपुरा कुटी स्थित नगर निगम के विद्यालय में छात्राओं के लिए एआई एवं डिजिटल लैब का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य नगर निगम स्कूलों में पढऩे वाली छात्राओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना और उन्हें डिजिटल युग के अनुरूप तैयार करना है। शहीद विजय सिंह पथिक सरस्वती विद्या मंदिर, नगर निगम स्कूल कुटी भोपुरा में वर्तमान में 238 छात्राएं अध्ययनरत हैं। उनके उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त के प्रयास से अडामा इंडिया लिमिटेड द्वारा सीएसआर के अंतर्गत अत्याधुनिक एआई एवं डिजिटल लैब की स्थापना कराई गई। लैब में बड़ी एलईडी स्क्रीन, बीस कंप्यूटर, इंटरनेट सुविधा, कुर्सियां तथा अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
नगर आयुक्त ने रिबन काटकर लैब का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त ने दीप प्रज्वलन कर छात्राओं को आधुनिक युग में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में छात्राओं का हाईटेक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि विद्यालय में नियमित रूप से कंप्यूटर कक्षाएं संचालित की जाएं, ताकि छात्राएं तकनीक से आत्मविश्वास के साथ जुड़ सकें। साथ ही उन्होंने अध्यापिकाओं को भी एआई और डिजिटल लैब के माध्यम से आधुनिक शिक्षण पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया। नगर आयुक्त ने कहा कि शिक्षक जितने तकनीकी रूप से दक्ष होंगे, उतनी ही बेहतर शिक्षा छात्राओं को मिल सकेगी। उन्होंने छात्राओं और शिक्षिकाओं दोनों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम की भव्य तैयारी की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त ने विद्यालय परिसर में छात्राओं द्वारा वेस्ट से बेस्ट मुहिम के तहत बनाए गए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट का भी अवलोकन किया।
टूटी हुई बेंच और अनुपयोगी सामग्री से तैयार इस सेल्फी प्वाइंट को देखकर उन्होंने छात्राओं की रचनात्मकता और कला की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीक के साथ-साथ कला और नवाचार के क्षेत्र में भी छात्राएं आगे बढ़ें और कंप्यूटर के माध्यम से अपनी प्रतिभा को और निखारें। नगर आयुक्त ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम के अन्य विद्यालयों में भी इसी प्रकार की डिजिटल और एआई लैब शुरू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम की छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ खेल जगत में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अपने अभिभावकों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने वेस्ट से बने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाए। नगर आयुक्त ने छात्राओं, प्रधानाचार्य, अध्यापिकाओं, अभिभावकों और क्षेत्रीय निवासियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही सीएसआर के माध्यम से सहयोग देने वाली अडामा इंडिया लिमिटेड का विशेष रूप से धन्यवाद किया। कार्यक्रम के अंत में नगर आयुक्त ने पूरे विद्यालय का भ्रमण कर छात्राओं के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, ओपन जिम सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।


















