-19 फरवरी को जीडीए बोर्ड बैठक, भूमि उपयोग परिवर्तन से लेकर नई योजनाओं पर होगा निर्णय
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 19 फरवरी को प्रस्तावित बोर्ड बैठक को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मेरठ मंडल के मंडलायुक्त एवं जीडीए अध्यक्ष भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में जीडीए सभागार में दोपहर 12 बजे आयोजित होने वाली इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लगभग 3000 करोड़ रुपये के बजट सहित करीब 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। बैठक को शहर के विकास कार्यों की दिशा तय करने वाली अहम बैठक माना जा रहा है। बैठक में प्रस्तुत किया जाने वाला लगभग 3000 करोड़ रुपये का बजट शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, नई विकास परियोजनाओं को गति देने और अधूरी योजनाओं को पूरा करने पर केंद्रित होगा। अधिकारियों का कहना है कि इस बजट के माध्यम से सड़क, जलापूर्ति, सीवर, हरित क्षेत्र विकास, आवासीय योजनाओं तथा बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी।
जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि बोर्ड बैठक में मानचित्र अनुभाग, संपत्ति प्रबंधन, भूमि अर्जन, योजना विकास तथा प्रशासनिक विभागों से जुड़े लगभग 25 प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें भू-उपयोग परिवर्तन, नई परियोजनाओं की स्वीकृति, संपत्ति प्रबंधन से जुड़े निर्णय, वाहन क्रय प्रस्ताव तथा प्रशासनिक सुधार से संबंधित विषय शामिल हैं। शहर के तेजी से विस्तार और बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए भू-उपयोग परिवर्तन से जुड़े प्रस्ताव महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। इससे नए आवासीय एवं वाणिज्यिक क्षेत्रों के विकास का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। साथ ही योजनाबद्ध शहरी विकास को बढ़ावा देने पर भी जोर रहेगा। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बोर्ड बैठक में प्रस्तुत किए जाने वाले प्रस्तावों को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाए और सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। एजेंडा तैयार कर मंडलायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
यदि किसी प्रस्ताव में संशोधन आवश्यक होगा तो संशोधित कर अंतिम एजेंडा स्वीकृत कराया जाएगा। इस बोर्ड बैठक में लिए जाने वाले निर्णय गाजियाबाद के भविष्य के विकास की दिशा तय करेंगे। बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, शहरी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और नई परियोजनाओं की स्वीकृति से शहर की व्यवस्थाओं में सुधार होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की नजर इस बैठक पर टिकी हुई है, क्योंकि इससे शहर में विकास कार्यों को नई गति मिलने और नागरिक सुविधाओं में सुधार की संभावना है।















