अवैध शराब तस्करों पर कसा शिकंजा, दो गिरफ्तार-लाइसेंसी दुकानों से लेकर हरियाणा सप्लाई तक का खुलासा

-आबकारी विभाग की जीरो टोलरेंस नीति के तहत लगातार छापेमारी और टेस्ट परचेजिंग अभियान तेज
-एक तस्कर लाइसेंसी दुकानों से खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचता था, दूसरा हरियाणा से ला रहा था सस्ती शराब
-कासना और दनकौर में संयुक्त कार्रवाई, भारी मात्रा में देशी शराब बरामद, मुकदमा दर्ज

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इसी क्रम में विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई से यह भी सामने आया है कि तस्कर अलग-अलग तरीकों से अवैध शराब का कारोबार कर रहे थे, जिससे प्रशासन सतर्क हो गया है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत विभाग जीरो टोलरेंस नीति पर काम कर रहा है। अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए न केवल बाहरी राज्यों से आने वाली सप्लाई पर नजर रखी जा रही है, बल्कि जनपद के भीतर स्थित लाइसेंसी शराब दुकानों की भी गुप्त निगरानी की जा रही है। इसके लिए विभाग की टीमें टेस्ट परचेजिंग और छापेमारी जैसी कार्रवाई लगातार कर रही हैं।

सोमवार को आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और थाना कासना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कासना क्षेत्र से नगेंद्र पुत्र स्वर्गीय सरदाराम को अवैध रूप से शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से यूपी मार्का ‘दोस्ताना’ ब्रांड की 30 पव्वा देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर उसे दूर ले जाकर अधिक कीमत पर बेचता था। इस तरह वह नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध मुनाफा कमा रहा था। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत थाना कासना में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

इसी तरह दूसरी कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह ने थाना दनकौर पुलिस के साथ मिलकर एक अन्य तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सुशील उर्फ अक्षय पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। उसके पास से हरियाणा मार्का ‘मस्ताना’ ब्रांड की 48 पव्वा देशी शराब बरामद की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी हरियाणा से सस्ती शराब लाकर जनपद में अवैध रूप से बेच रहा था, जिससे राजस्व को नुकसान पहुंच रहा था। उसके खिलाफ थाना दनकौर में संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि विभाग की रणनीति के तहत बाहरी राज्यों से होने वाली तस्करी पर विशेष नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। आबकारी विभाग अवैध शराब के नेटवर्क को तोडऩे के लिए सख्त कदम उठा रहा है। आने वाले समय में ऐसे अभियानों से न केवल अवैध कारोबार पर रोक लगेगी, बल्कि जनपद में कानून व्यवस्था भी और मजबूत होगी।