बस अड्डे, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष नजर
गाजियाबाद। तापमान में गिरावट और ठंड बढने के कारण नगर निगम ने शहर के 66 स्थानों पर अलाव जलाने के साथ ही गोवंश के लिए भी अलाव की व्यवस्था कर दी है। दिसंबर समाप्ति की ओर है और सर्दी विकराल रूप दिखा रही है। ठिठुरन गलन भरी सर्दी से जनजीवन बेहाल है। परदेशियों और बेघरों के लिए इस ठिठुरन भरी सर्दी में रात गुजारने के लिए अलाव ही सहारा होते हैं। अलाव जलाने का जिम्मा इस बार नगर निगम बखूबी निभा रहा है। नगर निगम के पांचों जोन के आश्रय स्थलों के साथ सार्वजनिक स्थान शामिल हैं। इनमें पुराना बस अड्डा और रेलवे स्टेशनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। क्योंकि प्रतिदिन पुराना बस अड्डा और रेलवे स्टेशनों पर हजारों-लाखों लोगों का आवागमन होता है। नगर निगम ने पांचों जोन के आश्रय स्थलों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर 66 अलाव जलाना शुरू कर दिया है।
नगर निगम के अधिकारियों ने ठंड बढने के साथ शहर में सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था के लिए कदम आगे बढ़ाया है। अमूमन 15 दिसंबर के बाद ठंड बढने पर अलाव की व्यवस्था की जाती थी। लेकिन इस बार शीतलहर का प्रकोप पहले शुरू होने के कारण नगर निगम ने ठंड के प्रकोप के मद्देनजर अलाव जलाना शुरू कर दिया है। इसके लिए शहर के पांचों जोन में कुल 66 स्थान चिन्हित किए गए हैं। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि अलाव नियमित रूप से जलाए जा रहे हैं। पांचों जोन में आश्रय स्थलों पर सर्दी से बचने के लिए पहले से ही अलाव की व्यवस्था की गई है। इनमें सिटी जोन के पुराना बस अड्डा आश्रय स्थल, नया बस अड्डा आश्रय स्थल, मालीवाड़ा आश्रय स्थल एवं लाल क्वार्टर और रेलवे स्टेशन आश्रय स्थल शामिल हैं। इसी प्रकार कविनगर जोन में चार स्थानों पर अलाव जलाया जाएगा। इनमें विवेकानंद नगर आश्रय स्थल, राजनगर आश्रय स्थल प्रमुख है। विजय नगर जोन में तीन स्थानों मिर्जापुर आश्रय स्थल, प्रताप विहार सेक्टर-12 आश्रय स्थल, बिहारीपुरा आश्रय स्थल शामिल हैं। मोहन नगर जोन में 6 स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जा रही है। वसुंधरा जोन में कुल चार स्थानों पर नगर निगम ने अलाव की व्यवस्था की है। इन सबके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर भी अलाव की व्यवस्था की गई है।
गोवंशों को ठंड से बचाने के लिए अलाव की व्यवस्था
पशु आश्रय स्थलों में गोवंशों को ठंड से बचाने के जरूरी इंतजाम किए गए हैं। यहां अलाव की और तिरपाल की व्यवस्था की गई है। ऐसे में बेसहारा पशुओं को ठंड से बचाने के लिए नगर निगम ने गौशाला में भी अलाव की व्यवस्था की है। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर द्वारा शीत लहर से बचाव के लिए जहां आमजन के लिए अलाव की व्यवस्था की जा रही है। 
उल्लेखनीय है कि नगर निगम द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शीत लहर से बचाव हेतु शहर के आश्रय स्थलों तथा चौराहों पर अलाव की व्यवस्था कराई जा रही है। म्युनिसिपल कमिश्नर के निर्देश पर मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी व उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह द्वारा 66 आश्रय एवं सार्वजनिक स्थलों के साथ गोवंशों के लिए 8 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कराई गई है। डॉ. अनुज सिंह ने बताया कि प्रतिदिन शीतलहर से बचाव हेतु अन्य स्थानों पर भी अलाव की व्यवस्था कराई जा रही है। ठंड से पशुओं को बचाने के लिए पूरे इंतजाम किये गये हैं। तिरपाल लगाने के साथ अलाव की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा नंदग्राम स्थित गौशाला में गोवंश को ठंड से बचाव के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, धार्मिक स्थलों के बाहर व अन्य आवश्यक स्थलों पर भी अलाव जलाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
















