लू के थपेड़ों के बीच तपती सड़कों पर राहत की बूंदें, नगर निगम के प्याऊ बने राहगीरों का सहारा

-पांचों जोन में 50 से अधिक स्थानों पर शीतल पेयजल की व्यवस्था
-नगर आयुक्त के निर्देश पर जलकल विभाग की टीम दिन में पांच बार भर रही मटके
-रेलवे स्टेशन, बाजार, अस्पताल और मेट्रो स्टेशनों को प्राथमिकता

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। लगातार बढ़ती गर्मी और तेज धूप से आमजन को राहत देने के लिए नगर निगम ने शहरभर में विशेष पेयजल अभियान शुरू किया है। नगर निगम द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर अस्थायी मटके वाले प्याऊ स्थापित किए गए हैं, जिससे राहगीरों, रिक्शा चालकों, मजदूरों और दैनिक यात्रियों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। नगर निगम की इस पहल से गर्मी के मौसम में लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। नगर निगम प्रशासन ने शहर के पांचों जोन में लगभग 50 से अधिक स्थानों पर अस्थायी प्याऊ स्थापित किए हैं। ऐसे स्थानों का चयन किया गया है जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है और गर्मी के कारण पेयजल की आवश्यकता सबसे ज्यादा महसूस होती है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर जलकल विभाग की टीम द्वारा इन प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। नगर आयुक्त ने बताया कि भीषण गर्मी में सड़कों पर कार्य करने वाले लोगों, यात्रियों और आम नागरिकों को ध्यान में रखते हुए यह पहल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल पेयजल उपलब्ध कराना ही नहीं बल्कि लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना भी है।

इसके लिए सभी प्याऊ स्थलों पर मटकों को कैनेपी के नीचे सुरक्षित रखा गया है, ताकि पानी ठंडा बना रहे और धूल या प्रदूषण से बचा रहे। जलकल विभाग की टीम दिन में लगभग पांच बार मटकों को भरने का कार्य कर रही है। इसके अलावा कई स्थानों पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है जो राहगीरों को पानी पिलाने का कार्य भी कर रहे हैं। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार जरूरत पडऩे पर अस्थायी प्याऊ की संख्या और बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक राहत पहुंचाई जा सके। महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने बताया कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों की आवश्यकता और भीड़भाड़ को ध्यान में रखते हुए स्थानों का चयन किया गया है। सिटी जोन में न्यू आर्य नगर, बजरिया, रेलवे स्टेशन, घंटाघर, पटेल नगर, मरियम नगर और एमएमजी अस्पताल के सामने प्याऊ लगाए गए हैं। इंदिरापुरम क्षेत्र में मंगल चौक शक्ति खंड-1, ज्ञान खंड-4, स्वर्ण जयंती पार्क गेट तथा अभय खंड तिरंगा चौक पर पेयजल की व्यवस्था की गई है।

विजयनगर जोन में प्रताप विहार सेक्टर-11, कैलाश नगर पुलिस चौकी, विजयनगर थाना, लीलावती चौक और गौशाला फाटक पर मटके वाले प्याऊ स्थापित किए गए हैं। वहीं कविनगर जोन में कलेक्ट्रेट परिसर, आरडीसी, हिंट चौक, कविनगर एच ब्लॉक, संजय नगर एल ब्लॉक टेंपो स्टैंड और हापुड़ चुंगी जैसे प्रमुख स्थलों को शामिल किया गया है। वसुंधरा और वैशाली क्षेत्र में किसान चौक सेक्टर-10, अटल चौक सेक्टर-15, बुद्धि चौक सेक्टर-7 और वैशाली सेक्टर-4 मार्केट में प्याऊ लगाए गए हैं। मोहन नगर जोन में अप्सरा बॉर्डर, श्याम पार्क मेट्रो स्टेशन, राजेंद्र नगर, शालीमार गार्डन 50 फुटा रोड और हिंडन एयर फोर्स के पास राहगीरों को शीतल जल उपलब्ध कराया जा रहा है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी की उपलब्धता सबसे बड़ी जरूरत बन जाती है। विशेष रूप से मजदूर, ऑटो चालक, रिक्शा चालक, छात्र और दैनिक यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

कई स्थानों पर नागरिकों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है। नगर निगम अब स्कूलों, अस्पतालों, बस अड्डों, बैंक परिसरों और मेट्रो स्टेशनों जैसे अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों की पहचान भी कर रहा है, जहां आने वाले दिनों में अतिरिक्त अस्थायी प्याऊ लगाए जाएंगे। अधिकारियों का मानना है कि गर्मी के पूरे मौसम में यह व्यवस्था निरंतर जारी रखी जाएगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि नगर निगम नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पेयजल की गुणवत्ता, स्वच्छता और नियमित आपूर्ति पर विशेष ध्यान रखा जाए। नगर निगम का यह प्रयास न केवल लोगों को गर्मी से राहत दे रहा है बल्कि शहर में मानवीय संवेदनाओं और जनसेवा की मिसाल भी पेश कर रहा है।