दिल्ली के विष्णु गार्डन में दर्दनाक हादसा
नई दिल्ली। देश की राजधानी में शनिवार की सुबह फैक्ट्री में हादसा होने से 4 नागरिकों की मौत हो गई। फैक्ट्री की छत अचानक गिरने से हड़कंप मच गया। मलबे में दबे सभी 6 नागरिकों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने 4 को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। यह घटना दिल्ली के विष्णु गार्डन क्षेत्र की है। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी भीड़ जुट गई। पुलिस के मुताबिक शनिवार की सुबह करीब 10 बजे पीएस ख्याला में पीसीआर कॉल आई। सूचना मिली कि फैक्ट्री की छत गिर गई है। सूचना पाकर पीसीआर वैन और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री की छत गिरने से मलबे में 6 नागरिक दब गए थे। जिन्हें पुलिस और डीडीएम कर्मचारियों ने मलबे से बाहर निकाला। सभी को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने 4 को मृत घोषित कर दिया। 2 घायलों की हालत खतरे से बाहर है। बताया गया है कि फैक्ट्री की इमारत काफी पुरानी थी। फैक्ट्री की इमारत उत्तम नगर दिल्ली निवासी महेंद्र पाल पुत्र सूरज पाल की बताई गई है। एसडीएम को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सूचना दे दी गई है। पुलिस भी कानूनी कार्रवाई कर रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांचोपरांत दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, 10 नवंबर को दिल्ली के केशवपुरम में 3 मंजिला इमारत ढह गई थ। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई थी। पुरानी इमारत में कंस्ट्रक्शन वर्क के दौरान हादसा होने की बात सामने आई थी।
















