-250 मीट्रिक टन क्षमता वाले आधुनिक स्टेशन से शहर को मिलेगी बड़ी राहत
-महापौर और नगर आयुक्त ने किया स्मार्ट कूड़ा स्टेशन का शुभारंभ
-संकरी गलियों से प्रोसेसिंग यूनिट तक पहुंचेगा कचरा, व्यवस्था होगी व्यवस्थित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ और आधुनिक कचरा प्रबंधन प्रणाली से जोडऩे की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गाजियाबाद नगर निगम ने सिटी जोन क्षेत्र के हिंडन विहार रेत मंडी में स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन का शुभारंभ कर दिया। शुक्रवार को महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने फीता काटकर और मंत्रोच्चारण के बीच इस अत्याधुनिक सुविधा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम मौजूद रही। नगर निगम द्वारा शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए लगातार स्मार्ट सिस्टम विकसित किए जा रहे हैं और हिंडन विहार का यह स्टेशन उसी श्रृंखला की अहम कड़ी माना जा रहा है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सिटी जोन क्षेत्र में अब तक कोई कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन उपलब्ध नहीं था, जिसके कारण कचरा परिवहन व्यवस्था प्रभावित होती थी। नए स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन के शुरू होने से अब वार्डों और मोहल्लों से निकलने वाला कचरा वैज्ञानिक तरीके से एकत्र कर सीधे प्रोसेसिंग यूनिट तक भेजा जाएगा।
महापौर ने बताया कि शहर की संकरी गलियों और मुख्य मार्गों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करते हुए कॉम्पैक्टर बीन के माध्यम से ट्रांसफर स्टेशन लाया जाएगा। यहां आधुनिक मशीनों की मदद से कचरे को व्यवस्थित रूप से प्रोसेसिंग यूनिट तक भेजा जाएगा। करीब 250 मीट्रिक टन से अधिक क्षमता वाला यह स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन प्रतिदिन बड़ी मात्रा में कचरे के निस्तारण में सहायक बनेगा। नगर निगम की योजना के अनुसार आठ विशेष कैप्सूल वाहनों के जरिए शहर के विभिन्न वार्डों से एकत्रित कचरे को प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाया जाएगा, जिससे कचरा उठान की गति तेज होगी और सड़कों पर कूड़ा जमा होने की समस्या कम होगी। नगर निगम द्वारा पूरे शहर में चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। पहले से ही कविनगर जोन के गोविंदपुरम, विजयनगर जोन के अकबरपुर-बहरामपुर, मोहननगर जोन के राजेंद्र नगर तथा वसुंधरा जोन के साहिबाबाद साइट-4 में आधुनिक उपकरणों के साथ कचरा निस्तारण की व्यवस्था संचालित की जा रही है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया स्मार्ट सिस्टम लागू होने से कचरा निस्तारण में पारदर्शिता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। नगर निगम द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक तकनीक आधारित कचरा प्रबंधन प्रणाली शहर को स्वच्छता के नए मानकों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग निस्तारण न केवल प्रदूषण कम करेगा बल्कि रीसाइक्लिंग और वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन को भी बढ़ावा देगा। हिंडन विहार स्टेशन के शुरू होने के साथ ही अब सिटी जोन भी पूरी तरह स्मार्ट वेस्ट मैनेजमेंट नेटवर्क से जुड़ गया है। नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम को नियमित मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि कचरा संग्रहण, पृथक्करण और परिवहन की प्रक्रिया सुचारु बनी रहे।
कार्यक्रम के दौरान नेचर ग्रीन कंपनी के निदेशक शिवम गोयल को प्रतिदिन की कार्य प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा संचालन में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। महापौर ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सुविधा शहरवासियों को समर्पित है और इसका उद्देश्य गाजियाबाद को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करके दें, ताकि स्मार्ट सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था पूरी तरह सफल हो सके। नए ट्रांसफर स्टेशन के संचालन से कचरा उठान की प्रक्रिया तेज होगी, डंपिंग स्थलों पर दबाव कम होगा और शहर में स्वच्छता व्यवस्था पहले से अधिक प्रभावी नजर आएगी। आने वाले समय में नगर निगम अन्य आधुनिक सुविधाओं को भी शामिल कर शहर को स्मार्ट सिटी मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में कार्य जारी रखेगा।
















