-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने किया निरीक्षण, सभी विभागों को तत्काल संचालन के निर्देश
-एक ही छत के नीचे मिलेंगी टैक्स, जलकल, स्वास्थ्य और निर्माण विभाग की सुविधाएं
-जन समस्याओं को सुन नगर आयुक्त ने सड़क और गली निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए आदेश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहरवासियों को बेहतर और सुगम नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विजयनगर क्षेत्र में तैयार किए गए नए जोनल कार्यालय का जल्द ही शुभारंभ होने जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ नए विजयनगर जोनल कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से कार्यालय संचालन शुरू करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया गया कि नए विजयनगर जोनल कार्यालय में नगर निगम के कई महत्वपूर्ण विभागों को एक ही परिसर में संचालित किया जाएगा। इसमें टैक्स विभाग, निर्माण विभाग, जलकल विभाग, स्वास्थ्य विभाग, प्रकाश विभाग और उद्यान विभाग के अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इससे क्षेत्रीय नागरिकों को विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उन्हें एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आगंतुकों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था और शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जोनल कार्यालय केवल प्रशासनिक भवन नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान का केंद्र होना चाहिए। इसलिए यहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नए कार्यालय में फर्नीचर, सीटिंग व्यवस्था और अन्य आवश्यक कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि आगामी दस दिनों के भीतर कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया जा सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी तथा जनता के अनुकूल बनाने के लिए जोनल कार्यालयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने विजयनगर क्षेत्र के निवासियों की समस्याएं भी सुनीं। स्थानीय लोगों ने सड़क और गली निर्माण से जुड़ी समस्याओं को उनके सामने रखा। इस पर नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में सड़क और गलियों के निर्माण कार्य लंबित हैं, वहां नियमों के अनुसार तेजी से कार्य पूरा कराया जाए। नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे होने चाहिए, ताकि जनता को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान यह भी तय किया गया कि आगामी जनगणना कार्य में भी नए विजयनगर जोनल कार्यालय का उपयोग किया जाएगा। नगर आयुक्त ने कहा कि यह कार्यालय प्रशासनिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा और यहां से क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई कार्य संचालित किए जाएंगे।
नगर निगम अधिकारियों का मानना है कि नए जोनल कार्यालय के शुरू होने से विजयनगर और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। लोगों को टैक्स जमा करने, शिकायत दर्ज कराने, जलकल और स्वास्थ्य संबंधी कार्यों सहित अन्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय की बचत होगी और कार्यों का निस्तारण भी तेजी से हो सकेगा। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी, नजारत प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के प्रतिनिधि रंजीत और विजयनगर जोन की टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों ने नगर आयुक्त को निर्माण और व्यवस्थाओं से जुड़ी प्रगति की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि नए जोनल कार्यालय के शुरू होने से क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और तेजी आएगी।
लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्रीय स्तर पर ऐसे कार्यालय की जरूरत महसूस की जा रही थी, जिससे आम नागरिकों को राहत मिलेगी। नगर निगम द्वारा विजयनगर जोन में नए कार्यालय की स्थापना को शहर की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब लोगों की निगाहें आगामी दिनों में होने वाले कार्यालय के शुभारंभ पर टिकी हैं, जिससे क्षेत्रीय जनता को नई सुविधाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है।
















