नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने नायक फिल्म के हीरो अनिल कपूर की स्टाइल में किया शिकायतों का निस्तारण

निगम मुख्यालय पहुंचे लोगों की शिकायतों का ऑन द स्पॉट निस्तारण कराया
पार्किंग संचालकों की मनमानी पर चला नगरायुक्त का हंटर
बदल रही है गाजियाबाद नगर निगम की कार्य पद्धति 

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। पार्किंग संचालकों की मनमानी पर म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने हंटर चलाया है। नगर निगम के सभी जोनल प्रभारियों एवं संपत्ति प्रभारी को निर्देशित किया कि यदि कोई भी पार्किंग संचालक अपने क्षेत्र से बाहर जाकर पार्किंग शूल्क वसूलता है तो उसके खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाये। आदर्श ऑटो संचालक यूनियन के प्रतिनिधियों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए म्युनिसिपल कमिश्नर ने आदेश जारी कर कहा कि पार्किंग संचालक उन्हीं स्थानों पर पार्किंग शुल्क वसूले जिस जगह का ठेका उन्हें मिला है। यदि सड़क पर चलते हुए थ्रीव्हीलर या फिर अन्य वाहन से पार्किंग शुल्क की वसूली होगी तो सख्त कार्रवाई होगी। सोमवार को म्युनिसिपल कमिश्नर ने बॉलीवुड फिल्म नायक के हीरो अनिल कपूर के स्टाइल में शिकायतों का ऑन द स्पॉट निस्तारण लगाया और काम को लेकर हीलाहवाली करने वाले अधिकारियों को फटकार भी लगाई। शिकायतकर्ताओं के पास जाकर उनकी शिकायतों को सुना और तत्काल कार्रवाई की। गाजियाबाद नगर निगम की कार्य पद्धति अब धीरे-धीरे बदल रही है, इसकी बानगी सोमवार को नगर निगम मुख्यालय में देखने को मिली। जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर निगम मुख्यालय पहुंचे लोगों की शिकायतों का ऑन द स्पॉट निस्तारण कराया। साथ ही अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वह शिकायतों को समय से निस्तारित करें जिससे कि छोटी-छोटी शिकायतों को लेकर लोगों को निगम मुख्यालया ना आना पड़े। नगर निगम में सेंट्रलाइज कॉल सेंटर की स्थापना की गई है जहां पर दर्ज होने वाली शिकायतों को हर हाल में दो से तीन दिन में निस्तारित किया जा रहा है। इसके बावजूद भी काफी संख्या में लोग सीवर, पानी और लाइट जैसी छोटी-छोटी शिकायतों को लेकर नगर आयुक्त के पास पहुंच रहे है। काम की व्यस्तता के बावजूद महेंद्र सिंह तंवर ने लोगों की शिकायत सुनी उसके बाद तत्काल संबंधित विभाग के अधिकारियों को फोन मिला कर इसमें कार्रवाई करने का आदेश देने के साथ शिकायतों के निस्तारण की समय सीमा भी निर्धारित कर दी। साथ ही अधिकारियों को यह भी ताकीद की वह अपने स्तर से लोगों की शिकायतों के निस्तारण को प्राथमिकता दें जिससे कि मुख्यालय आने वाले लोगों की संख्या में कमी आये। उन्होंने खड़े होकर लोगों की शिकायतों को सुना और निगम अधिकारियों से कहा कि उनका काम शहरवासियों की परेशानियों को दूर करना और उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसको लेकर लापरवाही ना बरतें। मोहन नगर जोन के राजीव कॉलोनी के पार्षद ने जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर शिकायत दर्ज कराई। इस पर नगर आयुक्त ने संपत्ति प्रभारी एवं अपर नगर आयुक्त आरएन पांडेय को तत्काल इस मामले में जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए। शालीमार गार्डन में पानी की आपूर्ति को लेकर कुछ लोग शिकायत करने पहुंचे। जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता से फोन कर स्पष्टीकरण मांगा और शिकायत को जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए। अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय महासचिव रवि वर्मा बेटे समेत कई लोगों के साथ नूरनगर में जमीन की शिकायत लेकर पहुंचे। नगर आयुक्त ने इसे जल्द निस्तारण करने के आदेश दिए। महाराजपुर गांव में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति को लेकर लोगों ने शिकायत रखी। इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए शिकायत निस्तारित की गई। कामचोर लापरवाह अधिकारियों के प्रति कड़क और आम शहरी के लिए सहज आईएएस अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर का यह व्यवहार शहरवासियों को खूब भा रहा है। कभी जन चौपाल लगाकर वह लोगों के घर पर समस्याएं पूछने चले जातें हैं तो कभी अधिकारियों एवं वार्ड पार्षदों के साथ बैठक कर बड़ी शिकायतों का निस्तारण करने का निर्णय मौके पर ही ले लेते हैं। श्रमदान के प्रति लोगों को प्रेरित करने के लिए जहां स्वयं सड़कों पर धूल उठाने लगते हैं वहीं, प्रदूषण के लिए बदनाम गाजियाबाद को कैसे प्रदूषण मुक्त किया जाये इसकी बृहद योजना पर भी काम कर रहे हैं। हालांकि म्युनिसिपल कमिश्नर के इन प्रयासों का परिणाम दिखने में वक्त लगेगा लेकिन वर्तमान में उनका यह अंदाज परंपरागत तरीके से काम करने के आदी हो चुके अधिकारियों को भी बदलाव के लिए प्रेरित कर रहा है।