आबकारी विभाग के एक्शन से शराब माफिया में खलबली

-शराब की भट्टी को किया धवस्त, 2800 कि0ग्रा0 लहन नष्ट कर 22 लीटर कच्ची शराब बरामद

गाजियाबाद। अवैध शराब बनाने, उसकी बिक्री व तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग पिछले कई महीने से अभियान चला रहा है, लेकिन शराब माफिया पर इसका खौफ नहीं है। लोनी क्षेत्र में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई से अवैध रूप देसी शराब का कारोबार करने वाले माफियों में हड़कंप मच गया है। लोनी क्षेत्र में अवैध शराब का निर्माण एवं कारोबार नई बात नहीं है, इलाका लंबे समय से इस तरह के अवैध कारोबार के लिए बदनाम रहा है। दरअसल, आबकारी विभाग कार्रवाई करता है। लेकिन बैखोफा माफिया कुछ ही दिनों में फिर धंधा शुरू कर देते हैं। जब तक कारोबारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं जाएगी, तब तक शायद कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लग पाना संभव नहीं है। जनपद में शराब माफिया के खिलाफ आबकारी विभाग की मुहिम निरंतर जारी है। शराब माफिया से निपटने के लिए नए-नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में विभाग ने ताबड़-तोड़ कार्रवाई कर अपनी मंशा का इजहार कर दिया है। विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत एक बार फिर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शराब माफिया के ठिकानों को नेस्तानाबूद कर दिया गया है। मौके से जब्त अवैध शराब को नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई से शराब माफिया में एकाएक खलबली मची हुई है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
उप्र आबकारी आयुक्त के आदेश के क्रम में संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन एवं उप आबकारी आयुक्त मेरठ प्रभार के निर्देशन में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर लोनी एवं टीला मोड़ क्षेत्र में आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा सेक्टर-3, सेक्टर-1 आबकारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा, सेक्टर-2 आबकारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह ह्यांकी, सेक्टर-4 आबकारी निरीक्षक आशीष पांडेय, सेक्टर-5 आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी मौर्य, सेक्टर-6 आबकारी निरीक्षक अरूण कुमार एवं प्रशिक्षु आबकारी निरीक्षक और थाना टीला मोड़ की संयुक्त टीम ने सेक्टर-3 स्थित महमूदपुर ,रिस्तल, राजपुर और भनेड़ा के जंगल एवं हिंडन खादर क्षेत्र, रिस्तल स्थित ईंट भट्टे  एवं संदिग्ध स्थानों पर दबिश की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान हिंडन खादर क्षेत्र में करीब 2800 कि0ग्रा0 लहन एवं 22 लीटर कच्ची शराब बरामद किया गया। बरामद शराब को जब्त कर लहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया। छापामारी की भनक पहले ही मिल जाने के चलते शराब तस्कर मौके से फरार हो गए। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया अवैध शराब बनाने और बेचने वाले लोगों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
चेकिंग अभियान में तस्कर गिरफ्तार
परिवहन द्वारा हरियाणा एवं अरूणांचल से हो रही तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीम हाईवे पर उतरकर संदिग्ध वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे के डासना चेक पोस्ट पर देर रात चेकिंग की। मगर टीम को सफलता हासिल नही हुई। जिसके बाद सेक्टर-2 आबकारी निरीक्षक टी.एस हयांकी एवं लिंक रोड़ पुलिस की संयुक्त टीम ने 11 नंबर कंपाउंड, औद्योगिक क्षेत्र में दबिश की कार्र्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब की बिक्री कर रहे तस्कर गौरव सिंह पुत्र दिलीप सिंह निवासी शालीमार सिटी, लक्ष्मी गार्डन को 45 पौवे अवैध विदेशी मदिरा मार्का हाई टाइम फॉर सेल इन अरूणांचल प्रदेश समेत गिरफ्तार किया गया।