-अवैध शराब समेत दो तस्कर गिरफ्तार
गाजियाबाद। अवैध शराब का धंधा रोकने के लिए आबकारी विभाग विशेष अभियान चला रहा है। जिला स्तर पर छापेमारी व धरपकड़ की कार्रवाई चल रही है। जिला प्रशासन-पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित है। इसके अंतर्गत जिला आबकारी अधिकारी के पर्यवेक्षण में सोमवार को अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन की रोकथाम के लिए सीलम मिश्रा आबकारी निरीक्षक सेक्टर-3 गाजियाबाद, विवेक दुबे आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन मेरठ मय स्टाफ व थाना मुरादनगर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से थाना मुरादनगर अंतर्गत ग्राम सुराना, सुथारी, नेकपुर, बीग आदि ग्राम के संदिग्ध स्थलों का आकस्मिक रूप से छापेमारी कर सघन तलाशी ली गई। दबिश के दौरान ग्राम सुराना से अभियुक्त नीरज उर्फ बिट्टू पुत्र राजपाल निवासी ग्राम सुराना थाना मुरादनगर को 118 पव्वा मिस इंडिया ब्रांड देसी शराब की अवैध बिक्री करते गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के विरूद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धारा के अंतर्गत पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराकर जेल भेजा गया। यह जानकारी जिला आबकारी अधिकारी राकेश सिंह ने दी है। उन्होंने कहा है कि आगे भी इसी प्रकार अवैध शराब की छापेमारी जारी रहेगी। उधर, आशीष पांडेय प्रभारी आबकारी निरीक्षक सेक्टर-5 मय आबकारी स्टाफ एवं साहिबाबाद पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से शनि मंदिर नियर भारत धर्म कांटा क्षेत्र में दबिश दी गई। दबिश के दौरान अभियुक्त सूरज पुत्र विनोद कुमार निवासी पहाडग़ंज दिल्ली को अवैध रूप से होंडा ट्विस्टर बाइक पर परिवहन कर बिक्री के लिए ले जाते 60 पव्वे देशी शराब मार्का शिल्पा फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है। आबकारी अधिकारी ने बताया अवैध शराब का धंधा रोकने के लिए टीम को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। आबकारी दुकानों पर निर्धारित दाम पर शराब बिक्री सुनिश्चित कराई जा रही है।
















