ज्वेलर्स समेत पांच बदमाश गिरफ्तार, एक बदमाश मुठभेड़ में घायल

ज्वेलर्स को टारगेट बनाकर करते थे लूटपाट

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। इंदिरापुरम और राजनगर एक्सटेंशन में ज्वेलर्स को टारगेट बनाकर लूट करने वाले गिरोह के 5 शातिर बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में पुलिस टीम की गोली लगने से वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि बुधवार को सिहानी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत राजनगर एक्सटेंशन में दोपहर को नंदी पार्क के पास पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। इस गिरोह के बदमाशों की पहचान बताने वाले को गाजियाबाद पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा कर रखी थी। सिहानी गेट थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे।

मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश ज्वेलर्स को लूटने की फिराक में घूम रहे है। पुलिस टीम ने घेराबंदी करनी शुरू कर दी। वसुंधरा फ्लाईओवर के पास दो बदमाश चेकिंग के दौरान बदमाश आते दिखाई दिए।

इंदिरापुरम थाना प्रभारी संजीव शर्मा ने टीम के साथ रोका। मगर बदमाश भागने लगे। सिहानी गेट थाना प्रभारी द्वारा बदमाशों को नंदी पार्क के पास रोकने का प्रयास किया गया। मगर पुलिस को देखकर गौशाला से पहले जंगल में भागने लगे। बदमाशों ने इसी बीच पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की।

जिसमें एक बदमाश असगर पुत्र उमरदीन गोली लगने से घायल हो गया। इसका साथी अब्दुल रहमान समेत दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। दोनों ने ज्वैलर्स के यहां लूट की वारदात को कबूला। एसएसपी कलानिधि नैथानी भी घटना स्थल पर पहुंचे और मुठभेड़ के दौरान बाइक और स्थल का निरीक्षण किया। वहीं,एसपी सिटी अभिषेक वर्मा,इंदिरापुरम सीओ अंशु जैन समेत टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। एसपी सिटी अभिषेक वर्मा ने बताया कि ज्वेलर्स को टारगेट बनाकर लूटते थे। गिरफ्तार किए गए बदमाश कासिम पुत्र अल्लारखा, निवासी कुलारसी बुढ़ाना मुजफ्फरनगर हाल बागपत,शमीम पुत्र शब्बीर निवासी औखला दिल्ली,विशाल वर्मा पुत्र बिजेंद्र वर्मा निवासी नई बस्ती बुढ़ाना मुजफ्फरनगर ज्वेलर्स है। अब्दुल रहमान पुत्र इदरीश निवासी बुढ़ाना मुजफ्फरनगर है। इसका झनकार ज्वेलर्स बुढ़ाना में दुकान है। लूट के माल और शस्त्र समेत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए बदमाशों ने अमन ज्वेलर्स कविनगर, संत ज्वेलर्स राजनगर एक्सटेंशन और दुर्गा ज्वेलर्स इंदिरापुरम में लूट को अंजाम दिया था।

एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि इंदिरापुरम क्षेत्र के नीतिखंड में सर्राफा व्यापारी से लाखों की लूट की थी। दुर्गा ज्वेलर्स और वसुंधरा में लूट के अलावा राजनगर एक्सटेंशन में लूट के प्रयास में इन बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लगाई गई थी। इनके पास से 32 बोर पिस्टल, तमंचा,चोरी की स्कूटी,स्पेलेंडर बाइक,लूटा गया लाखों रुपए की ज्वेलरी बरामद की गई। 2018 में कविनगर थाना क्षेत्र में अमन ज्वेलर्स के यहां भी इन्हीं बदमाशों ने लूट की थी। इसके अलावा नोएडा समेत अन्य जनपदों में भी लूट को अंजाम दिया है। इनका रिकॉर्ड खंगाला जा रहा हैं।