वाहन चोरी का बनाया रिकॉर्ड, 10 वर्षों से 800 वाहन चोरी, 15 हजार इनामी आकाश उर्फ गंजा उर्फ जंगली समेत पांच वाहन चोर गिरफ्तार, 40 दुपहिया वाहन बरामद

गाजियाबाद। दिल्ली, एनसीआर, मेरठ, हापुड़ व बुंलदशहर समेत आसपास के जनपदों में दुपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का गाजियाबाद की क्राइम ब्रांच टीम एवं कविनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ करते हुए गिरोह के सरगना 15 हजार इनामी समेत पांच अंतर्राज्जीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से 40 दुपहिया वाहन बरामद किया है। पकड़ा गया इनामी वाहन चोर कोई दोटा गिरोह नही है। बल्कि इस गिरोह ने दिल्ली, एनसीआर, मेरठ, हापुड़ व बुंलदशहर समेत अन्य जिलों में करीब 800 दुपहिया वाहन चोरी कर बेच व कबाड़ में काट चुका है। पिछले करीब 10 सालों से लगातार वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। जिसकी तलाश में कई जनपदों की पुलिस भी लगी हुई थी। मगर क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरोह का आखिरकार भंडाफोड़ कर दिया। गिरोह का सरगना इतना शातिर है कि वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने से पूर्व जिस जनपद में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना है, वहां के बस स्टैण्ड व रेलवे स्टेशन के पास मिलकर योजना बनाते थे। फिर वाहन चोरी कर तयशुदा स्थान पर पहुंचा देते थे। जिसके बाद उक्त वाहनों के नंबर प्लेट बदल कर मंहगे दामों में बेच देते थे।

हरसांव पुलिस लाइन में वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एसपी क्राइम दीक्षा शर्मा ने बताया कि बुधवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली की दुपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला गिरोह वाहन को बेचने के लिए कविनगर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी, एसआई अरुण कुमार मिश्रा, सत्यवीर सिंह, अरुण वर्मा, संजीव चौधरी, हरि मोहन दीक्षित की टीम बनाकर बम्हैटा अंडरपास के पास सर्विसलेन पर लगाया गया। तभी गिरोह के सरगना आकाश उर्फ गंजा उर्फ सुनील उर्फ जंगली पुत्र सुरेश निवासी गढ़ रोड़ महूखास मेरठ, रवि गुप्ता पुत्र चन्द्रपाल गुप्ता निवासी विजयनगर खुर्जा, हस्तिनापुर मेरठ निवासी 17 वर्षीय नाबालिग, रिंकू पुत्र होराम निवासी मोहकम्मपुर मेरठ (रिसीवर), मोहसिन पुत्र सरफराज निवासी जली कोठी दिल्ली गेट मेरठ (रिसीवर) को गिरफ्तार किया गया। वहीं गिरोह के दो साथी संजय पुत्र सुनील, सुनील निवासी जटवाडा सिहानीगेट फरार है। गिरोह का सरगना आकाश उर्फ गंजा उर्फ सुनील उर्फ जंगली कौशांबी थाने से वाहन चोरी के मामले में फरार चल रहा था, जिसके खिलाफ 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। जिनकी निशानदेही पर 40 बाइक व स्कूटी बरामद किया गया।

एसपी क्राइम ने बताया आकाश उर्फ गंजा का तीन-चार लोगों का संगठित गिरोह है। जो कि पढ़े-लिखे नही है। आरोपी जिन जनपदो में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उसी जनपद में बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन के पास एकत्रित हो जाते थे। फिर मास्टर -की (तपारिया कम्पनी के सुआनुमा चाबी) से दुपहिया वाहनों के लॉक को तोड़कर चुरा लेते थे। चोरी किए वाहनों को तयशुदा स्थान पर रिसीवर को 5 से 6 हजार रुपए में बेच देते थे। बाद में रिसीवर द्वारा इन वाहनों के पार्टस को अलग-अलग कर आगे सप्लाई कर देता था। आरोपी पिछले करीब 10 वर्षों से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे है। जो कि अब तक 800 दुपहिया वाहनों को चोरी कर बेच एवं कबाड़ में कटवा चुके है।

गाजियाबाद में दो जगह किए थे चिन्हिंत
क्राइम ब्रांच प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी ने बताया कि पकड़े गए वाहन चोरों ने गाजियाबाद में चोरी किए वाहनों को छिपाने के लिए दो जगहों को चिन्हिंत किया हुआ था। जिसमें से तीन गोदाम संजय और सुनील के है, जो जटवाडा में है और आदित्य वल्र्ड सिटी से आगे बम्हैटा रोड के पास खाली प्लॉट में वाहनों को छिपाते थे। प्लॉट की चारदीवारी के चलते किसी को पता भी नही चलता था। वहीं पर चोरी किए गये वाहनों के नंबर प्लेट बदलकर रिसीवर को बेच देते थे। आरोपी पिछले करीब 10 वर्षों से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे है। जो कि अब तक 800 दुपहिया वाहनों को चोरी कर बेच एवं कबाड़ में कटवा चुके है। पूर्व में आरोपी चोरी के वाहनों को मेरठ में जावेद पुत्र दीनमोहम्मद निवासी सूतीगंज मेरठ व अब्दुल पुत्र फय्याज निवासी ऊंचा सद्दीक नगर भूमिया लिसाडी मेरठ को बेचते थे। उनके जेल जाने के बाद मेरठ के रिंकू और मोहसिन को वाहन सप्लाई करने लगे। पकड़े गए आरोपी पेशेवर वाहन चोर है, जिनका सिर्फ काम ही वाहन चोरी करना है। आरोपियों के खिलाफ गाजियाबाद के सिहानीगेट, कविनगर, कौंशाबी, मुरादनगर, इंदिरापुरम, नगर कोतवाली, मोदीनगर, साहिबाबाद समेत हापुड, मेरठ, बंलदशहर एवं दिल्ली के विभिन्न थानों में आकाश के खिलाफ 32 तो रवि गुप्ता के खिलाफ 54 मुकदमें दर्ज है और अन्य लोगों के खिलाफ 3 से मुकदमें दर्ज है।