-उम्मेद पहलवान ने ही सोशल मीडिया पर डाला था भड़काऊ वीडियो
गाजियाबाद। लोनी में बुजुर्ग तांत्रिक को पीटने के बाद उसकी दाढ़ी काटने के का वीडियो सोशल मीडिया पर डालने वाले उम्मेद पहलवान को लोनी बॉर्डर, क्राइम ब्रांच एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि उम्मेद को दिल्ली के लोक नारायण जयप्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह पेंट-शर्ट पहनकर मास्क लगाकर घूम रहा था। इससे भड़काऊ वीडियो वायरल करने के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में कुछ अहम सुराग हाथ लगे है। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमे में अन्य धाराएं शामिल करते हुए कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा। सपा नेता उम्मेद पहलवान पर साजिश रचने का आरोप है। बीते 5 जून को लोनी बॉर्डर क्षेत्र के बेहटा हाजीपुर में ताबीज ने काम न करने के मामले में मुख्य आरोपी प्रवेश गुर्जर ने साथियों के साथ मिलकर अनूपशहर के मोहल्ला मीरा निवासी अब्दुल समद के साथ मारपीट की थी।
इस मामले में सपा के पहलवान उम्मेद इदरीशी ने अब्दुल समद से मिलकर उसकी वीडियो बनाकर वायरल की थी। शुक्रवार को एसएसपी निवास एवं पुलिस ऑफिस पर इसने गिरफ्तारी देने के लिए फेसबुक पर लाइव किया था। पुलिस ने एसएसपी निवास से लेकर पुलिस ऑफिस के बाहर क्राइम ब्रांच, कविनगर थाना पुलिस, एसओजी इसकी तलाश में सुबह से शाम तक लगी रही। मगर वह गिरफ्तार नहीं कर पाई थी।
उधर, शनिवार को लोनी बॉर्डर पुलिस ने एक अन्य आरोपी को बुजुर्ग तांत्रिक अब्दुल समद की दाढ़ी काटने के मामले में गुलशन उर्फ पोली को भी दबोच लिया। गुलशन सरेंडर करने कोर्ट में जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उम्मेद पहलवान ने ही साजिश रची थी। जिसे अब्दुल समद ने सच को छिपाया था। दाढ़ी काटे जाने की घटना की जांच में पूरा सच सामने आ जाने का दावा पुलिस ने किया है। पुलिस का कहना है कि असली घटना समद के साथ मारपीट और दाढ़ी काटे जाने की हुई थी। इसी को सांप्रदायिक रंग देने की साजिश उम्मेद पहलवान ने रची। समद ने सच्चाई को छिपाए रखा। पुलिस ने केस डायरी में सभी आरोपियों की भूमिका साफ कर दी है। हालांकि, लिखा-पढ़ी में अभी तक समद को आरोपी नहीं बनाया गया हैं।
बता दें कि दाढ़ी काटने की घटना 5 जून को हुई और उसका केस 7 जून को दर्ज हुआ। 9 दिन बाद 14 जून को घटना की वीडियो वायरल हुई तो बखेड़ा हो गया। पुलिस ने कुल तीन मामले दर्ज किए हैं। ट्विटर पर दर्ज केस के अलावा एक मामला दाढ़ी काटने का तो दूसरा मामला भड़काऊ वीडियो वायरल करने का है। एसएसपी अमित पाठक का कहना है कि सपा नेता समेत अन्य आरोपियों की भूमिका के बारे में अब्दुल समद ने जानकारी दी हैं। अब्दुल समद इस मामले से पहले आरोपी प्रवेश गुर्जर को पहले से जानता था, मगर उसने एफआईआर में उसे नामजद नहीं कराया। इस सच्चाई को भी छिपा लिया कि उसने प्रवेश को ताबीज दिया था। उम्मेद पहलवान ने ताबीज का असर न होने की घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की। फेसबुक लाइव पर समद का वीडियो दिखाते हुए भड़काऊ बातें कहीं थी। सपा नेता उम्मेद पहलवान की पुलिस को मोबाइल लोकेशन के आधार पर शनिवार की सुबह दिल्ली में होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आज उसे दबोच लिया। उम्मेद पहलवान अब्दुल समद और उनके दोनों बेटों को लेकर दिल्ली जाने की बात कहकर निकला था। उधर, सुरक्षा की दृष्टि से शुक्रवार को भी अब्दुल समद के घर पर पुलिस पिकेट तैनात रहा। वहीं, अनूपशहर पुलिस महामारी अधिनियम के मुकदमे में अज्ञात 100 लोगों को चिन्हित करने के लिए सभा का वीडियो खंगाल रही है। गौरतलब है कि 5 जून को लोनी क्षेत्र में अनूपशहर के मोहल्ला मीरा निवासी अब्दुल समद के साथ मारपीट हुई थी। पीडि़त पक्ष के अनुसार, 5 जून को अब्दुल समद सैफी (72) अपने किसी रिश्तेदार से मिलने के लिए लोनी में गए थे। गाजियाबाद पुलिस द्वारा ताबीज बनाकर देने के बाद हुए विवाद के चलते अब्दुल समद के साथ मारपीट किए जाने की बात कहते हुए अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका हैं। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रवेश गुर्जर को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया जाएगा। पोली को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में 11 आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका हैं। लोनी बॉर्डर थाने में पुलिस ने जुबैर अहमद, राना अय्यूब, सलमान निजामी, मशकूर उस्मानी, डॉ. समा मोहम्मद, सबा नकवी, ट्विटर आईएनसी व ट्विटर कम्यूनिकेशन इंडिया प्राइवेट और सपा नेता उम्मेद पहलवान के खिलाफ धार्मिक उन्माद फैलाने का केस दर्ज किया गया हैं। डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक का कहना है कि सपा नेता उम्मेद पहलवान ने बुजुर्ग के साथ हुई मारपीट और दाढ़ी काटने की घटना को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया। इसलिए भड़काऊ वीडियो वायरल किया गया। इससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में कई अहम जानकारी दी गई है। इसके आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाई जाएगी।
















