बहन की शादी के लिए रखे गहनों को बदमाशों ने किया साफ

-प्रॉपर्टी डीलर के घर से 7 लाख एवं गहने हुए चोरी

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रापुरी कॉलोनी में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर के घर से बदमाश 7 लाख रुपए नगद और लाखों रुपए के गहने चोरी कर ले गए। प्रॉपर्टी डीलर ने बहन की शादी के लिए गहने एवं रुपए रखे हुए थे। वह रक्षाबंधन पर परिवार के साथ मनाने के लिए गांव गए हुए थे। रक्षाबंधन मनाने गांव गए प्रॉपर्टी डीलर के घर का ताला तोड़कर बदमाशों ने बहन की शादी के लिए रखे 7 लाख रुपए और करीब 8 लाख रुपए के गहने चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह पीडि़त को घटना की जानकारी हुई तो वह गांव से वापस लौटे और लोनी बॉर्डर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को सूचना दी। मूलरूप से बागपत जनपद के काठा गांव के रहने वाले अजय चौधरी पुत्र स्वर्गीय ऋषिपाल चौधरी लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरी कॉलोनी में रह रहे हैं। वह पॉपर्टी डीलर हैं तथा ब्याज आदि का काम भी करते हैं। इनकी पत्नी मायके गई हुई थीं। रविवार को अजय चौधरी भी घर का ताला बंंद कर परिजनों के साथ रक्षाबंधन मनाने गांव चले गए। रात में गांव में ही रुक गए। रात में बदमाशों ने उनके मकान का ताला तोड़कर बहन की शादी के लिए घर में नगदी और करीब 8 लाख रुपए के 16 तोला सोने के गहने चोरी कर ले गए। पड़ोसी दुकानदार मोनू ने दुकान खोली तो घर का ताला खुला देख उसे शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। उसने अजय चौधरी को सूचना दी। वह गांव से वापस लौटे और रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। लोनी बॉर्डर थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच कर बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।