मंदिर के कमरे में चल रही थी हथियार फैक्ट्री, पुलिस ने किया पर्दाफास, 29 तमंचों सहित तीन गिरफ्तार

गाजियाबाद। निवाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल में बने मंदिर के पुराने कमरे में चल रही अवैध हथियारों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एसपी ग्रामीण की एसओजी एवं निवाड़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर 29 अवैध हथियार (तमंचे) और उपकरण बरामद किए है। पकड़े गए आरोपी पूर्व में मेरठ मेें हथियार सप्लायरों से हथियारों की सप्लाई लेते थे। इसके बाद निवाड़ी के जंगल में अपनी फैक्ट्री खोल ली। यहां पर हथियारों को असेंबल कर ऑनडिमांड सप्लाई करते थे।

मेरठ के गांव महलका में पहले से ही कई हथियार तस्कर रहते हैं। इन तस्करों का नेटवर्क मेरठ में सरधना गांव से जुड़ा हुआ है जो हथियार बनाने और बेचने के लिए बदनाम है। सरधना गांव के कुछ लोग दशकों पूर्व बिहार के मुंगेर से हथियार बनाना सीखकर आए थे। उन्होंने मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अवैध हथियार बनाने शुरू कर दिए। हथियार बनाने की कई फैक्ट्री का पुलिस पूर्व में पर्दाफाश कर चुकी हैं।

शनिवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी ग्रामीण डॉ.ईरज राजा ने मोदीनगर सीओ सुनील कुमार सिंह की मौजूदगी में बताया कि शनिवार की तड़के करीब 3:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली की तीन लोग अज्ञात स्थान से कच्चा माल तैयार कर पतला से खिदोड़ा मार्ग के जंगल में बने मंदिर के पुराने कमरे में तमंचे तैयार कर रहे है। सूचना मिलने पर निवाड़ी थाना प्रभारी मनोज कुमार एवं एसपी ग्रामीण की एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए छापा मारा।

छापेमारी के दौरान मौके पर अनस उर्फ राजा पुत्र आफाक निवासी झंडापुर कॉलोनी अर्थला साहिबाबाद, अरसलान पुत्र इस्लाम निवासी ग्राम महलका मेरठ, लवी पुत्र पवन कुमार निवासी नंदलोई अलीगढ़ को गिरफ्तार किया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि इनके कब्जे से 9 तमंचे 315 बोर,20 तमंचे 315 बोर अधबने एवं भारी मात्रा मे तमंचे बनाने के उपकरण बरामद किए गए। गिरोह का मास्टरमाइंड लवी है। पूर्व में अलीगढ़ के थाना लोधा से जेल जा चुका हंै। जेल से छूट कर आने के बाद आरोपी ने फिर से हथियार बनाने का कारोबार शुरु कर दिया था। पकड़े गए आरोपित पश्चिमी यूपी के कई जिलों में ऑन डिमांड 8 से 10 हजार रुपए में तंमचा बेचते थे। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि अब तक कितने हथियार तैयार कर कहां बेच चुके हैं।