सुशांत के पिता को मुंबई पुलिस पर भरोसा नहीं, सुप्रीम कोर्ट में दाखिल किया जवाब

बिहार सरकार और रिया ने भी रखा अपना पक्ष

उदय भूमि ब्यूरो

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह सुसाइड केस में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला बरकरार है। सुप्रीम कोर्ट इस प्रकरण पर संज्ञान ले चुका है। सुशांत के पिता ने शीर्ष अदालत में जवाब दाखिल कर यह केस सीबीआई को सौंपने की पैरवी की। उन्होंने मुंबई पुलिस की जांच पर उठाए हैं। इसके पहले बिहार सरकार और रिया चक्रवर्ती ने अपना जवाब दाखिल किया। अभिनेता सुशांत सिंह सुसाइड केस की जांच सीबीआई से कराने की मांग निरंतर उठ रही है। इस मामले में मुंबई पुलिस की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। सुशांत के पिता ने वीरवार को सुप्रीम कोर्ट में जवाब दाखि कर कहा कि पटना पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद 10 नागरिकों से पूछताछ कर चुकी है। जबकि मुंबई पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की है। सुशांत के पिता का कहना है कि उन्हें मुंबई पुलिस की जांच पर कतई यकीन नहीं है। सुशांत के शव के पोस्टमार्टम के बाद भी मुंबई पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उन्होंने कहा कि पटना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का पूरा कानूनी अधिकार था। मामला पटना पुलिस से सीबीआई को सौंपा जाना सही व कानून संगत है। सुशांत के पिता का कहना है कि खुद रिया चक्रवर्ती ने भी सीबीआई जांच की बात कही थी। मुंबई पुलिस ने इस प्रकरण में रिया से घटना के 4 दिन बाद पूछताछ की। आरोप है कि इस दरम्यान उसे साक्ष्य समाप्त करने और गवाहों को प्रभावित करने का मौका दिया गया। उधर, सुशांत और रिया की कॉल डिटेल भी इस मामले की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।