जेल से आर्यन रिहा, शाहरूख और गौरी की मन्नत पूरी

एसआरके के बंगले के बाहर उड़ी फैंस की भीड़

मुंबई। अभिनेता शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान की जेल से रिहाई हो गई है। आर्थर रोड जेल में जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार की सुबह आर्यन को रिहा कर दिया गया। ऐसे में शाहरूख और गौरी खान की मन्नत भी पूरी हो गई। इस बीच शाहरूख के बंगले मन्नत के बाहर फैंस का जमावड़ा देखने को मिला। वहां ढोल-नगाड़े बजाए गए। क्रूज ड्रग्स केस में आर्यन खान को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद से वह मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद थे।

जमानत पर रिहा होने के बाद आर्यन शनिवार को अपने घर पहुंच गए। इसके पहले आर्थर रोड जेल बॉक्स को तड़के साढ़े 5 बजे खोला गया। क्रूज ड्रग्स केस में जेल अधिकारियों को शनिवार को आर्यन खान की जमानत के कागजात भी मिल गए। तदुपरांत आर्यन को जेल से रिहा कर दिया गया है। बेटे की रिहाई से पहले शाहरूख खान आर्थर रोड जेल के लिए बांद्रा में अपने घर (मन्नत) से निकल थे। ऐसे में जेल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। उधर, आर्थर रोड जेल के अधीक्षक नितिन वायचल ने कहा कि हमें आर्यन खान की रिहाई का आदेश मिल गया है, जिसके आधार पर उनकी रिहाई हुई है।

सनद रहे कि आर्यन खान को 28 अक्टूबर को बॉम्बे हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। शुक्रवार को निर्धारित समय तक जेल प्रशासन के पास रिहाई के कागजात ना पहुंचने के कारण उन्हें रिहा नहीं किया जा सका था। नियम के तहत किसी को भी जमानत मिलने पर शाम साढ़े 5 बजे के पहले आर्थर रोड जेल के बाहर लगे बॉक्स में जमानत पत्र डालना होता है। तत्पश्चात जेल से कैदी को रिहा कर दिया जाता है। यदि इस समय के बाद कागजात डालने पर अगले दिन जमानत पेटी खोली जाती है और कैदी को रिहा किया जाता है। हालांकि आर्यन खान को 28 अक्टूबर को बॉम्बे हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी।