आखिर कब उठेगा सुशांत की डेथ मिस्ट्री से पर्दा !

बिहार सरकार ने की सीबीआई जांच की सिफारिश की, रोड़े अटका रही है महाराष्ट्र सरकार, मुंबई पुलिस सवालों के घेरे में, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री ने सुशांत मर्डर को लेकर उठाये गंभीर सवाल

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली/ पटना/ मुंबई। बॉलीवुड स्टार सुशांत सिंह राजपूत की डेथ मिस्ट्री से जल्द पर्दा उठने की उम्मीद है। बिहार सरकार ने इस चर्चित केस की सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी है। सुशांत के पिता ने सीएम नीतीश से सीबीआई जांच की अपील की थी। सुशांत सुसाइड केस में बॉलीवुड भी दो धड़ों में बंटा दिखाई दे रहा है। मुंबई पुलिस द्वारा मामलों को रफा दफा कर आरोपियों को बचाने की कोशिशें हो रही है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए सुंशात मर्डर केस को दिशा मर्डर केस से जोड़ते हुए कहा कि पार्टी में दिशा के साथ बलात्कार हुआ था। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुताबिक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने आज सुबह सुशांत के पिता के.के. सिंह से बात की थी। उन्होंने सीबीआई जांच की सहमति दी। इसलिए इस मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की गई है। उधर, जेडीयू नेता संजय सिंह ने कहा कि सुशांत ने आत्महत्या नहीं की है। यह हत्या का मामला है। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस के साथ मुंबई पुलिस का व्यवहार अच्छा नहीं रहा है। अपराधी के गिरेबान तक अब सीबीआई पहुंचेगी। आज सीबीआई जांच की मांग कर दी गई है। ये देश की मांग थी। इससे पहले लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बात कर सुशांत सिंह प्रकरण में सीबीआई जांच की मांग की।

रेप के बाद हुई थी दिशा सालियान हत्या
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे ने सुशांत सिंह राजपूत की हत्या के मामले में मुंबई पुलिस पर गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत के एक्स मैनेजर दिशा सालियान की कथित आत्महत्या के मामले में भी बड़ा बयान। राणे ने दिवंगत अभिनेता की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की आत्महत्या के मुद्दे पर प्रेस कांफ्रेस बुलाई और कहा कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में पुलिस ने 50 दिन की देरी से प्राथमिकी दर्ज हुई। सुशांत के पूर्व मैनेजर दिशा सालियान ने आत्महत्या नहीं की उसका मर्डर हुआ। 8 तारीख को हुई पार्टी में दिशा के साथ बलात्कार हुआ और बाद में हत्या कर दी गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दिशा के प्राइवेट पार्ट में चोट के निशान का जिक्र है। 8 तारीख को आत्महत्या हुई तो 11 तारीख को उसका पोस्टमार्टम क्यों कराया गया।

सुशांत सिंह का हुआ मर्डर
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशांत ने आत्महत्या नहीं कि उसका मर्डर हुआ है। महाराष्ट्र सरकार इस मामले में किसी को बचाने में लगी है। इससे जाहिर होता है कि सरकार का कोई खास इस हत्या का मास्टरमाइंड है। डिनो मोरिया के घर रोज मंत्री आते हैं। ये मंत्री क्यों आते हैं और क्या करते हैं इसकी जांच नहीं कराई गई। 13 जुलाई को डिनो मोरिया के बंगले हुई पार्टी में लोग इकट्ठा हुए और बाद में सुशांत के घर गए। पूरे मामले को छुपाया जा रहा है।

बिहार सरकार के निर्णय से शिवसेना असंतुष्ट
बिहार सरकार के निर्णय से शिवसेना असंतुष्ट नजर आ रही है। शिवसेना नेत्री और राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस सुशांत सुसाइड केस में राजनीति कर रहे हैं। उनकी सिफारिश संवैधानिक वैधताओं या सुशांत को न्याय दिलाने के लिए नहीं है। लॉ एंड आॅर्डर राज्य का विषय है। सीबीआई जांच का निर्णय सिर्फ महाराष्ट्र सरकार ले सकती है।

सीए से ईडी की पूछताछ

सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड प्रकरण में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) रितेश शाह से पूछताछ की। यह पूछताछ मुंबई स्थित ईडी की ब्रांच में की गई। ईडी रितेश से कई सवालों के जवाब हासिल करना चाहती है।
—————