गैंगरेप की खौफनाक घटना से एकाएक हिला इजरायल, होटल में 16 साल की लड़की के साथ 30 आरोपियों ने की हैवानियत

-आपत्तिजनक वीडियो भी बनाए, जांच में जुटी पुलिस
तेलअवीव। अपनी बेहद मजबूत सैन्य ताकत एवं रक्षा प्रणाली के लिए समूची दुनिया में मशहूर इजरायल में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घिनौनी घटना प्रकाश में आई है। वहां होटल में 16 साल की लड़की के साथ 30 नागरिकों ने बारी-बारी से बलात्कार किया। आरोपियों ने पीड़िता के आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इजरायल में हड़कंप मच गया। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। पीएम नेतन्याहू ने इसे मानवता के विरूद्ध अपराध करार दिया है। इजरायल के तटीय इलट शहर की यह घटना बताई गई है। 16 वर्षीय लड़की इलट शहर के होटल में अपने दोस्तों के साथ गई थी। दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद वह बाथरूम करने गई थी। इस दरम्यान आरोपी जबरन पीड़िता को होटल के कमरे में ले गए। जहां बारी-बारी से उसके साथ बलात्कार किया गया। पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपियों ने कमरे के बाहर लाइन लगा ली थी। एक के बाद एक 30 आरोपियों ने लड़की को हैवानियत का शिकार बनाया। ऐसे में पीड़िता के आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए गए। यह वीडियो वायरल होने से देशभर में कोहराम मच गया। हरकत में आई पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में संदिग्ध ने दावा किया कि यह सब लड़की की सहमति से हुआ था। जांचकर्ता पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस को शुरुआती जांच में मालूम पड़ा कि लड़की होटल में गेस्ट नहीं थी। वह कुछ दोस्तों के साथ वहां आई थी। आरोपियों ने पीड़िता को नशे की हालत में देखकर सामूहिक बलात्कार किया। उधर, इस घटना के प्रकाश में आने के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह सिर्फ लड़की के खिलाफ अपराध नहीं है, यह खुद मानवता के खिलाफ अपराध है। इसकी पुरजोर निंदा होनी चाहिए। घटना में लिप्त सभी आरोपियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।