नगर निगम में कैंप लगाकर हुई कोरोना की जांच, 205 सैंपलों में से सिर्फ दो रिपोर्ट पॉजीटिव

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के बढ़ते रफ्तार को देखते हुए मंगलवार को गाजियाबाद नगर निगम में कैैंप लगाकर निगमकर्मियों की कोरोना जांच कराई गई। कैंप में 205 कर्मचारियों की जांच हुई जिसमें से सिर्फ दो कर्मचारी की प्रारंभिक रिपोर्ट (रैपिड टेस्ट) पॉजीटिव आया हैै। स्वैग टेस्ट रिपोर्ट एक से दो दिन बाद आएगी। नगर निगम में सिर्फ दो कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजीटिव आने पर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। हालांकि जिस तेजी से कोरोना संक्रमण फैल रहा है उससे अंदेशा था कि काफी संख्या में निगमकर्मियों की रिपोर्ट पॉजीटिव आएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने सभी कर्मचारियों को काढ़ा पीने, हैंड सैनेटाइज करने, मॉस्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का हर हाल में पालन करने को कहा है।
दरअसल गाजियाबाद नगर निगम में लोगों की आवाजाही तो खूब है लेकिन यहां कारोना से बचाव को लेकर शासन से जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराया जाता है। कोरोना हेल्प डेस्क बनाने के अलावा रूटीन काम-काज के दौरान भी निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन हर हाल में कराया जाता है। नगर निगम में आने वाले सभी लोगों का टेंपरेचर चेक करने के साथ-साथ हैंड सैनेटाइज कराया जाता है। म्युनिसिपल कमिश्नर द्वारा स्वयं इस बात की निगरानी की जाती है कि कहीं सोशल डिस्टेंसिंग एवं मॉस्क सहित अन्य नियमों की अवहेलना तो नहीं हो रही है। नगर निगम परिसर में एवं नगर निगम कर्मचारियों या अधिकारियों द्वारा मास्क नहीं पहनने पर उनसे जुर्माना वसूला जाता है। म्युनिसिपल कमिश्नर द्वारा सभी को काढ़ा का सेवन करने के साथ बचाव के अन्य तरीकों को लेकर ट्रेनिंग भी दी जाती है। इन सबका असर है कि गाजियाबाद नगर निगम में अब तक कोरोना का असर अन्य विभागों के मुकाबले काफी कम देखने को मिला है।
नगर निगम मुख्यालय से सटे गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में लोेगों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को कार्यालय में नहीं जाने दिया जाता यहां तक की जीडीए के चुने हुए बोर्ड मेंबर एवं जनप्रतिनिधियों के जीडीए में प्रवेश पर रोक है। इसके बावजूद काफी संख्या में जीडीए कर्मचारी कोरोना संक्रमित हुए हैं। अब तक की जानकारी के मुताबिक जीडीए के लगभग दो दर्जन इंजीनियर और कर्मचारी कोरोना संक्रमित हुए हैं। लखनऊ नगर निगम में तो इतनी अधिक संख्या में कोरोना के मामले आये कि कार्यालय को बंद करना पड़ गया था। इन सबके बीच गाजियाबाद नगर निगम की कोरोना जांच रिपोर्ट सकून देने वाला है। कोरोना जांच कैंप निगम के एक कर्मचारी के कोरोना पॉजीटिव होने की रिपोर्ट आने के बाद लगाया गया। म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. दिनेश चंद्र सिंह के निर्देश पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश ने कैंप लगवाया। कैंप में स्वच्छ भारत अभियान प्रभारी एकाउंट आफिसर एके मिश्रा, म्युनिसिपल कमिश्नर के कार्यालय प्रभारी प्रदीप बाबू, प्रभारी जनसंपर्क अधिकारी जितेंद्र शर्मा, आईटी अधिकारी मुबारक सहित 205 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कोरोना जांच हुई। म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि सभी कोरोना को लेकर सजग एवं जागरूक रहें और सरकार द्वारा निर्धारित गाइडलाइन का पालन करें। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश ने बताया कि नगर निगम के जोनल कार्यालय में भी कैंप लगाये जाएंगे।
———-