मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर की संभाली बागडोर

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल का कार्यप्रभार संभाल लिया है। उन्होंने शुक्रवार को एलजी के रूप में शपथ ग्रहण कर ली। जम्मू-कश्मीर हाई कोर्ट की चीफ जस्टिस ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद उप-राज्यपाल सिन्हा ने मातहतों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ने गत 5 अगस्त को इस्तीफा दे दिया था। उन्हें सीएजी बनाया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा को गुरुवार को जम्मू-कश्मीर का उप-राज्यपाल नियुक्त कर दिया गया था। इसके पहले जीसी मुर्मू ने केंद्र शासित प्रदेश की जिम्मेदारी संभालने के 9 माह बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया था। राष्ट्रपति भवन से गुरुवार को जारी बयान में कहा गया था कि राष्ट्रपति ने मनोज सिन्हा को जम्मू- कश्मीर का उप-राज्यपाल नियुक्त किया है। मनोज सिन्हा ने लोकसभा में 3 बार पूर्वी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। वहीं, पिछले साल संपन्न लोकसभा चुनाव में उन्हें बसपा के अफजल अंसारी ने हराया था। मौजूदा समय में जम्मू-कश्मीर में उप-राज्यपाल पद पर मनोज सिन्हा की नियुक्ति को कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।