सीएम बनते-बनते चूके मनोज सिन्हा बने जम्मू-कश्मीर के एलजी

गिरीश चंद्र मुर्मू का इस्तीफा स्वीकार

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा को जम्मू-कश्मीर की कमान सौंपी गई है।
वह नए उप-राज्यपाल बनाए गए हैं। गिरीश चंद्र मुर्मू ने बुधवार की शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। राष्ट्रपति भवन द्वारा वीरवार की सुबह मनोज सिन्हा की नियुक्ति का ऐलान किया गया है। कभी उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे रहे सिन्हा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भरोसेमंद माना जाता है। 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त कर दिया गया था। अनुच्छेद 350 की समाप्ति को एक साल पूरा हो चुका है। बुधवार की शाम एकाएक जीसी मुर्मू के इस्तीफे की खबर आई थी। मुर्मू का इस्तीफा राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। ऐसे में मनोज सिन्हा को नए उप-राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले जब जम्मू-कश्मीर पूर्ण राज्य था तब सत्यपाल मलिक यहां के राज्यपाल थे, मगर जब केंद्र शासित प्रदेश बना तो अधिकारी जीसी मुर्मू को भेजा गया। मुर्मू की गिनती भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खास अधिकारियों में होती रही है। मनोज सिन्हा पूर्व में गाजीपुर से सांसद रह चुके हैं। हालाकि 2019 का लोकसभा चुनाव वह हार गए थे, जिसे एक बड़ा झटका माना गया था। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में मनोज सिन्हा पर रेलवे के राज्यमंत्री और संचार राज्यमंत्री का कार्यभार था। उत्तर प्रदेश में भाजपा के सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री पद की दौड़ में भी मनोज सिन्हा सबसे आगे रहे थे। बाद में योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया गया था।