सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत के मामले में परत दर परत खंगाली जा रही जानकारियां, ईडी ने दर्ज किए सुशांत के पिता के बयान, पूछे कई सवाल

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत का राज जानने को हर कोई काफी उत्सुक है। इस मामले में प्रतिदिन नए-नए एंगल सामने आ रहे हैं। सुशांत का परिवार भी न्याय के लिए इंतजार कर रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सुशांत के पिता के.के. सिंह का बयान दर्ज किया। सिंह ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती पर सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने और वित्तीय धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। वित्तीय लेन-देन में कथित धोखाधड़ी के प्रकरण में ईडी ने रिपोर्ट दर्ज की है। इसके मद्देनजर ईडी ने सिंह का बयान दर्ज किया। ईडी के अधिकारियों ने सिंह से सुशांत के बैंक खाते से गायब रकम के विषय में पूछा। उनसे पूछा गया कि खाते से अवैध रूप से 15 करोड़ रुपये निकाले गए, इसकी जानकारी उन्हें (सुशांत के पिता को) कैसे मिली। इसके पहले ईडी ने रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शौविक चक्रवती सहित कई लोगों से पूछताछ की थी। विगत 14 जून को अभिनेता सुशांत अपने बांद्रा (मुंबई) स्थित आवास में मृत मिले थे। इसकी जांच मुंबई पुलिस कर रही है। इस हाईप्रोफाइल हो चुके मामले को लेकर मुंबई और बिहार पुलिस के बीच भी टकराव उत्पन्न हो चुका है। सुशांत की मौत के मामले की सीबीआई जांच का महाराष्ट्र सरकार निरंतर विरोध कर रही है।

सलमान की हत्या के लिए रेकी, शातिर गिरफ्तार

अभिनेता सलमान खान की हत्या के लिए मुंबई में रेकी करने वाले बदमाश राहुल को क्राइम ब्रांच ने उत्तराखंड से गिरफ्तार किया हैं। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने यह रेकी कराई थी। भिवानी निवासी राहुल लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक राहुल हत्या की 4 वारदातों को अंजाम दे चुका है। राहुल ने अगस्त 2019 में झज्जर में युवक की हत्या कर दी थी। लॉरेंस बिश्नोई के कहने पर दिसंबर 2019 में पंजाब के मनोट में हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। आरोप है कि राहुल ने सलमान खान की हत्या करने के इरादे से मुंबई जाकर रेकी की थी।