छूट के अंतिम दिन नगर निगम कोष में जमा हुए 1.38 करोड़ नगर आयुक्त ने बोले गुड टीम

-जनवरी की कर वसूली में उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद बना नंबर वन

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में दी जा रही 5 प्रतिशत की छूट बुधवार को समाप्त हो गई। बुधवार को अंतिम दिन नगर निगम कोष मेंं हाउस टैक्स का 1.38 करोड़ रुपए जमा हुआ। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने बताया जनवरी माह में हाउस टैक्स वसूली में प्रदेश में नगर निगम नंबर-1 पर रहा है। उन्होंने टीम को प्रोत्साहित करते हुए हाउस टैक्स की शत-प्रतिशत वसूली करने के निर्देश दिए हैं। जनवरी में निगम ने लगभग 18 करोड़ की वसूली की है। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार सभी पांचों जोन के जोनल प्रभारी द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में हाउस टैक्स की वसूली टीम द्वारा कराई जा रही है। पिछले वर्ष-2022-23 में जनवरी माह में वसुंधरा जोन से लगभग 3 करोड़ की वसूली की गई थी।

इस बार 8 करोड़ रुपए से अधिक की वसूली की गई।मोहन नगर जोन में एक करोड़ से बढ़कर 2.50 करोड़ अधिक वसूली हुई।कविनगर जोन में 1.84 करोड़ से अधिक जनवरी माह में 2.93 करोड़ रुपए वसूली की गई।सिटी जोन में 2.65 करोड़ से बढ़कर 2.77 करोड़ की वसूली हुई। विजयनगर जोन में 45 लाख से बढ़कर जनवरी माह में लगभग 72 लाख रुपए हाउस टैक्स वसूली की गई है। ऐसे में नगर निगम की हाउस टैक्स वसूली का ग्राफ बढ़ा है। वित्तीय वर्ष 2022- 23 में जनवरी माह तक लगभग 145 करोड़ की वसूली की गई थी। इस बार जनवरी 2024 तक 195 करोड़ की वसूली की गई है। इससे लगभग 50 करोड़ की वसूली जनवरी माह तक पिछले वर्ष के सापेक्ष अधिक की गई है।