हाउस टैक्स में 31 जनवरी तक मिलेगी 5 प्रतिशत की छूट

-निगम ने बढ़ाई हाउस टैक्स वसूली की रफ्तार, उद्योग बंधुओं के सहयोग से जमा हुए 91 लाख 

गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की प्लानिंग के अनुसार हाउस टैक्स वसूली को लेकर जन जागरूकता अभियान चल रहे हैं। सेल्फ एसेसमेंट से टैक्स जमा करने के लिए शहर में लगातार प्रचार प्रसार किया जा रहा है। उद्योग बंधु भी नगर निगम टीम का सहयोग करने के लिए आगे आ रहे है और टैक्स जमा कर रहे हैं। लोहा मंडी के अध्यक्ष अतुल जैन और अन्य व्यापारियों द्वारा मिलकर कवि नगर जोन के अंतर्गत हाउस टैक्स जमा कराने में वसुंधरा जोन की टीम का सहयोग किया। पांचो जोन के अंतर्गत इसी प्रकार की कार्यवाही के चलते अधिक कर वसूली निगम को प्राप्त हो रही है। सीलिंग की कार्यवाही के साथ लगातार शहर में कर वसूली को लेकर अभियान तेजी से चल रहा है। प्रतिदिन शहर में प्रतिष्ठानों और आवासीय क्षेत्र में सीलिंग की कार्यवाही की जा रही है। टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ सिटी जोन के अंतर्गत सीलिंग की कार्यवाही अधिक हो रही है। डोर टू डोर जाकर कर वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अवकाश दिवसों में भी जोन स्तर से कैंप लगाए जा रहे हैं।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया नगर निगम सीमा अंतर्गत कर वसूली को बेहतर तरीके से बढ़ाने का प्रयास नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार चल रहा है। जिसमें व्यापारी वर्ग एवं जनप्रतिनिधि भी सहयोग कर रहे हैं। 31 जनवरी तक 5 प्रतिशत छूट का अंतिम दिन है। करदाताओं से अपील की जाती है कि वह 31 जनवरी तक अपना हाउस टैक्स अवश्य जमा कर दें। साथ ही टैक्स से छूटे हुए भवन भी सेल्फ एसेसमेंट के माध्यम से अपना हाउस टैक्स जमा कर सकते हैं।

31 जनवरी के उपरांत कार्यवाही को और अधिक तेजी से किया जाएगा। जिसमें ऐसे भवन जिन पर अभी तक टैक्स नहीं लगा है, उनको चिन्हित कर जुर्माना के साथ टैक्स वसूला जाएगा। प्लानिंग के साथ जोनल प्रभारी भी अपने ने क्षेत्र में कर वसूली को बेहतर कर रहे हैं। जिसकी प्रतिदिन की रिपोर्ट नगर आयुक्त द्वारा देखी जा रही है। अभियान के तहत पांचो जोंन से लगभग 91 लाख निगम कोष में जमा हुए, मोहन नगर जोन के अंतर्गत से 11 लाख, वसुंधरा जोन से 32 लाख, कवि नगर से 15 लाख, विजयनगर जोन से 6 लाख, सिटी जोन से 27 लाख की वसूली की गई।