सर्च ऑपरेशन में अकूत संपत्ति का खुलासा
अघोषित आय को देखकर अफसर भी हैरान
चेन्नई। तमिलनाडु में बड़े ठेकेदार के ठिकानों पर रेड डालने के बाद आयकर विभाग की टीम के होश उड़ गए। इस दरम्यान करीब 700 करोड़ की अघोषित आय का खुलासा किया गया। आईटी की टीम ने 21 करोड़ रुपए भी बरामद किए हैं। ठेकेदार से पूछताछ में कुछ चौंकाने वाले राज सामने आने की उम्मीद है। तमिलनाडु में सरकारी प्रोजेक्ट की ठेकेदारी से जुड़े ठेकेदार के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। संबंधित ठेकेदार काफी समय से सरकारी कार्यों के ठेके लेकर काम करता रहा है। आयकर विभाग के मुताबिक ठेकेदार के चेन्नई और इरोड स्थित ठिकानों पर 14 और 15 दिसंबर को सर्च ऑपरेशन चलाया गया। आयकर विभाग ने अभी ठेकेदार के नाम का खुलासा नहीं किया है। सर्च ऑपरेशन में शामिल अधिकारी खासकर तमिलनाडु के चेन्नई में समुद्र किनारे की दीवार तोड़कर बस के आवागमन के लिए रास्ता बनाने, मैरिज होम चलाने और रसोई से संबंधित मसाले के कारोबार से जुड़े मामलों की जानकारी प्राप्त करना चाहते थे। सर्च ऑपरेशन में मालूम पड़ा कि ठेकेदार का ग्रुप सामान की खरीदारी और अन्य खर्चों में घपला करने में लिप्त है। घपले की यह रकम आपूर्ति कर्ताओं और छोटे ठेकेदारों को दी जाती थी। बाद में रकम को नकद के रूप में वापस ले लिया जाता था। आयकर विभाग के अधिकारियों ने ठेकेदार से पूछताछ की। पूछताछ में ठेकेदार ने ठेकेदार ने 700 करोड़ की अघोषित आय के विषय में बताया कि यह रियल स्टेट और अन्य व्यापार से जुड़ी आय है। ठेकेदार ने सिर्फ 150 करोड़ रुपए की अघोषित आय का होना स्वीकार किया है। उधर, आयकर विभाग का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। जांच के सिलसिले में कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए हैं। उधर, इस कार्रवाई से ठेकेदार के करीबियों में हड़कंप मचा है।
















